Delhi Weather: राजधानी में चार साल बाद अक्टूबर में रिकॉर्ड बारिश, IMD Red Alert जारी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 30, 2026

दिल्ली में रातभर हुई बारिश के बाद शुक्रवार सुबह काले बादल छाए रहे और धुंध रही, जिससे मौसम ठंडा हो गया। राजधानी में चार साल में अक्टूबर का सबसे अधिक बारिश वाला दिन दर्ज किया गया, जबकि 2022 के बाद इस महीने में सबसे अधिक बारिश हुई। मौसम में आए बदलाव से शहर की वायु गुणवत्ता सूचकांक ‘संतोषजनक’ श्रेणी में पहुंच गई है।

उस साल अक्टूबर के पूरे महीने में शहर में कुल 128 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई थी। और बारिश होने के आसार के बीच इस महीने बारिश का आंकड़ा इसके करीब पहुंच सकता है या इसे पार कर सकता है। आईएमडी ने बताया कि अगले तीन घंटों के दौरान अधिकांश स्थानों पर गरज और बिजली चमकने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है।

मौसम विभाग का ‘रेड’ अलर्ट दक्षिण-पूर्वी दिल्ली, पूर्वी दिल्ली, शाहदरा, मध्य दिल्ली, उत्तर-पूर्वी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली, नयी दिल्ली, दक्षिण-पश्चिमी दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली, उत्तर-पश्चिमी दिल्ली और उत्तरी दिल्ली के कुछ हिस्सों के लिए जारी किया गया था। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में न्यूनतम तापमान 17.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। केंद्रवार आंकड़ों के अनुसार, पालम में न्यूनतम तापमान 15.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम है, जबकि रिज में न्यूनतम तापमान 16.8 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.5 डिग्री कम है।

लोधी रोड में न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक है, जबकि आया नगर में यह 17.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक है। अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे से शुक्रवार सुबह छह बजे के बीच केंद्रवार बारिश के आंकड़ों के अनुसार, झरोदा कलां में सबसे अधिक 89 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

इसके बाद लोधी रोड में 63 मिलीमीटर और सफदरजंग में 56.5 मिलीमीटर बारिश हुई। झज्जर में 47 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जबकि नारायणा में 44.5 मिलीमीटर बारिश हुई। पीतमपुरा में 42.5 मिलीमीटर, पूसा में 41.5 मिलीमीटर और गाजियाबाद के कमला नेहरू नगर में 41 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।

प्रगति मैदान में 40.9 मिलीमीटर, गुरुग्राम में 36 मिलीमीटर, जनकपुरी में 35.5 मिलीमीटर, मुरादनगर में 35 मिलीमीटर और गुरुग्राम स्थित नॉर्थकैप विश्वविद्यालय में 30 मिलीमीटर बारिश हुई। मयूर विहार में नौ मिलीमीटर और जफरपुर में एक मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। नजफगढ़, महरौली, छतरपुर और गाजियाबाद के हिंडन के आंकड़े उपलब्ध नहीं थे।

बारिश से प्रदूषण से राहत मिली। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अनुसार, सुबह 9.30 बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 90 दर्ज किया गया, जो ‘संतोषजनक’ श्रेणी में आता है। सीपीसीबी के समीर ऐप पर उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, शहर के 36 निगरानी केंद्रों में वायु गुणवत्ता ‘संतोषजनक’ श्रेणी में दर्ज की गई, जबकि 16 केंद्रों में यह ‘मध्यम’ श्रेणी में रही।

सीपीसीबी के वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) के पैमाने के अनुसार, शून्य से 50 के बीच के स्तर को ‘अच्छा’, 51 से 100 को ‘संतोषजनक’, 101 से 200 को ‘मध्यम’, 201 से 300 को ‘खराब’, 301 से 400 को ‘बहुत खराब’ और 401 से 500 के बीच के स्तर को ‘गंभीर’ श्रेणी में रखा जाता है।

प्रमुख खबरें

New Zealand के खिलाफ T20I में हर मैच जीतना लक्ष्य, Varun ने बताया Gautam Gambhir का संदेश

November Trip: केरल के Munnar में चाय बागानों और Tata Tea Museum से लेकर खूबसूरत झीलों तक घूमें

Om Prakash Karhana बने Youth Olympics में 35 सदस्यीय भारतीय दल के प्रमुख

Gujarat के Banaskantha में बोले PM Narendra Modi, आखिरी सांस तक देश की सेवा करता रहूंगा