दिल्ली की सर्दी ने तोड़ा पिछले 22 सालों का रिकॉर्ड, अधिकतम तापमान में भारी गिरावट

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 18, 2019

नयी दिल्ली। उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में बर्फीली हवाओं से राहत नहीं मिली और पारा नीचे गिरने से मंगलवार को ठंड और बढ़ गई। दिल्ली में 22 वर्षों में दूसरा सबसे कम अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अधिकारियों के अनुसार, पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र से आने वाली तेज और ठंडी हवाओं के साथ-साथ बादल छाए रहने से तापमान में गिरावट आयी है। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार को कंपकंपी जारी रही क्योंकि अधिकतम तापमान मौसम के औसत से 10 डिग्री नीचे 12.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 1997 में, अधिकतम तापमान 11.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। बुधवार को भी यही स्थिति बनी रहने की संभावना है और अधिकतम और न्यूनतम तापमान 14 और नौ डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के अधिकांश हिस्सों में हालिया बर्फबारी के बाद रात के तापमान में गिरावट जारी रही। हिमपात के कारण जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को भूस्खलनों के चलते कई घंटों तक यातायात बाधित रहा।

इसे भी पढ़ें: इन आसान घरेलू उपायों से सर्दियों में भी त्वचा रहेगी कोमल

अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा बलों के काफिले को मंगलवार दोपहर में मलबा हटाने के बाद आगे बढ़ने की अनुमति दी गई है। हिमाचल प्रदेश में, मौसम शुष्क और ठंडा रहा। मनाली, कुफरी, केलोंग और कल्पा में तापमान शून्य डिग्री से नीचे रहा। शिमला मौसम केंद्र के निदेशक मनमोहन सिंह ने कहा कि राज्य में सबसे ठंडा स्थान लाहौल-स्पीति का प्रशासनिक केंद्र केलांग रहा, जहां तापमान शून्य से 16.4 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने 19 से 21 दिसंबर के बीच राज्य में भारी बारिश और बर्फबारी का अनुमान जताया है। उत्तराखंड में मंगलवार को आसमान साफ रहा लेकिन कड़कड़ाती ठंड बरकरार रही। 12-13 दिसंबर को पहाड़ी राज्य के ऊंचे क्षेत्रों में भारी बर्फबारी हुई, जिससे कई राजमार्ग और सड़कें बंद हो गईं। मौसम विभाग के अधिकारियों ने बताया कि पंजाब और हरियाणा में दिन का तापमान मंगलवार को सामान्य से कुछ डिग्री नीचे चला गया, जिससे दोनों राज्यों में ठंड बढ़ गई। अधिकारी ने कहा कि दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में अधिकतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री कम है। मौसम विभाग ने कहा कि राजस्थान में शीत लहर तेज हो गई है, जबकि राज्य के एकमात्र हिल स्टेशन माउंट आबू में सोमवार रात को न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

प्रमुख खबरें

Manik Saha ने पूरा किया वादा: Judo Star Asmita Dey को मिला 10 लाख का Check और अगरतला में अपना घर

Commonwealth Fencing Championship: लागोस में Team India का दबदबा, तीसरे दिन 3 Gold समेत जीते 5 पदक

England Test Captain Joe Root ने खिलाड़ियों पर से हटाया Night Curfew, कहा- अपनी Responsibility खुद समझें Team Members

India vs Sri Lanka Test: Washington Sundar के बाहर होने से Team India की बढ़ी मुश्किलें, लगा बड़ा झटका