फिरोजाबाद, मथुरा और आगरा जाएगी विशेषज्ञ डाक्‍टरों की टीम, सीएम योगी ने दिए निर्देश

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Sep 06, 2021

लखनऊ। राजधानी लखनऊ स्थित संजय गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (एसजीपीजीआई), राममनोहर लोहिया अस्पताल (आरएमएल) और किंग जॉर्ज चिकित्सा विश्वविद्यालय(केजीएमयू)के विशेषज्ञ चिकित्‍सकों की तीन टीमें डेंगू और वायरल बुखार से प्रभावित आगरा, फिरोजाबाद और मथुरा जाएंगी। विशेषज्ञों की टीम तीनों जिलों के अस्‍पतालों में इलाज की प्रक्रिया देखेंगी और स्‍थानीय चिकित्‍सकों का मार्गदर्शन करेगी। सोमवार को अधिकारियों के साथ उच्‍च स्‍तरीय बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसजीपीजीआई, केजीएमयू और आरएमएल के तीन-तीन विशेषज्ञ चिकित्सकों की तीन टीम गठित कर फिरोजाबाद, मथुरा और आगरा भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एक-एक मरीज की सेहत पर बारीकी से ध्यान दिया जाए। विशेषज्ञ चिकित्सकों की यह टीम स्थानीय डॉक्टरों का मार्गदर्शन कर मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्‍ध करायेगी।

इसे भी पढ़ें: योगी और मोदी के मुरीद हुए राजनाथ सिंह, बोले- परामात्मा ने बनाई अद्भुत जोड़ी

फिरोजाबाद मेडिकल कॉलेज की प्रधानाचार्य डॉक्टर संगीता अनेजा ने रविवार देर शाम बातचीत में बताया था कि आज मेडिकल कॉलेज में वायरल व डेंगू बुखार के 105 नए मरीज भर्ती किए गए जबकि 60 मरीजों को ठीक होने के कारण अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। अब मेडिकल कॉलेज के विभिन्न वार्ड में 447 मरीज भर्ती हैं। डेंगू के 67 नमूनों की रैपिड किट से जांच की गई जिनमें से 50 संक्रमित पाए गए। उन्होंने बताया था कि 51 नमूनों की जांच एलिजा पद्धति से की गई जिनमें से 35 के संक्रमित होने की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि पिछले 24 घंटे में मेडिकल कॉलेज में एक भी बच्चे की मौत नहीं हुई है और प्लेटलेट बढ़ने से भर्ती मरीजों की सेहत में सुधार हो रहा है। फिरोजाबाद में वायरल व डेंगू के प्रकोप से हुई मौतों को गंभीरता से लेते हुए जिले के मुख्‍य विकास अधिकारी चर्चित गौड़ ने प्रशासन के अभियान में लापरवाही बरतने के कारण जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ) नीरज कुमार को ग्राम पंचायत विकास अधिकारी दीपक यादव को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने का आदेश दिया था। गौरतलब हैं कि पिछले लगभग दो सप्ताह से वायरल बुखार और डेंगू का प्रकोप फिरोजाबाद जिले के शहरी और ग्रामीण इलाकों में है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 30 अगस्त को फिरोजाबाद पहुंचे थे और बीमारी से पीड़ित लोगों का हाल जानने के साथ-साथ इसे नियंत्रित करने के निर्देश दिए थे।

प्रमुख खबरें

Meta ने PM Modi का वीडियो हटाने पर मांगी माफी, ग्लोबल अफेयर्स चीफ Joel Kaplan ने स्वीकारी गलती

Biocon का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 53.36% बढ़कर 136.8 करोड़ रुपये पहुंचा

DK Shivakumar ने साधा निशाना: हिंदू धर्म पर कोई राजनीतिक दल एकाधिकार नहीं जमा सकता

Delhi के LNJP Hospital समेत 3 अस्पतालों की संशोधित लागत मंजूर, जांच के आदेश