शिवसेना का सरकार पर वार, कहा- अनुच्छेद 370 हटाने जैसे कदमों से भी नहीं बदली J&K की स्थिति

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 03, 2020

मुंबई। शिवसेना ने शुक्रवार को कहा कि नोटबंदी करने, अनुच्छेद 370 हटाने और जम्मू कश्मीर को दो केंद्रशासित प्रदेशों में विभाजित करने से जम्मू कश्मीर में सुरक्षा स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। भाजपा की पूर्व सहयोगी ने इस बात पर आश्चर्य जाहिर किया कि जब केंद्र में ‘‘मजबूत’’ सरकार है तो नवगठित केंद्रशासित प्रदेश में शांति क्यों नहीं है? इसने कहा कि अनुच्छेद 370 हटाए जाने और जम्मू कश्मीर को दो केंद्रशासित प्रदेशों में विभाजित किए जाने के बावजूद स्थिति जस की तस है। शिवसेना ने पार्टी के मुखपत्र ‘सामना’ में एक संपादकीय में कहा, ‘‘सड़कों पर हर रोज खून बह रहा है और निर्दोष लोगों की जान जा रही है। नोटबंदी के बावजूद आतंकी गतिविधियों और फर्जी नोटों के चलन से कोई राहत नहीं है।’’ 

इसमें कहा गया, ‘‘एक बच्चा यह नहीं जानता कि उसके दादा की मौत हो गई है और वह उसे जगाने की कोशिश करता है। इस तरह की तस्वीरें केवल सीरिया, मिस्र, सोमालिया और अफगानिस्तान जैसे देशों में सामने आई हैं।’’ शिवसेना ने कहा कि इस तस्वीर से देश और केंद्र सरकार की छवि को भी नुकसान हुआ है। संपादकीय में पूछा गया कि जवानों ने बच्चे को बचा लिया, लेकिन उसका भविष्य क्या है? क्या सरकार के पास कोई उत्तर है? शिवसेना के प्रकाशन में कहा गया कि केंद्र ने पिछले साल अगस्त में जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 खत्म कर दिया था, लेकिन आतंकी हमलों में जवान लगातार शहीद हो रहे हैं और विस्थापित कश्मीर पंडितों की कोई ‘‘घर वापसी’’ नहीं हो रही है। 

इसे भी पढ़ें: अनंतनाग मुठभेड़ में CRPF जवान और एक बच्चे की हत्या करने वाला आतंकवादी ढेर 

इसने कहा कि पिछले महीने, आतंकवादियों ने एक कश्मीरी पंडित सरपंच की हत्या कर दी। संपादकीय में पाकिस्तान और चीन से लगती सीमाओं पर बढ़ते तनाव को लेकर चिंता जताई गई। शिवसेना ने कहा, ‘‘पिछले छह महीनों में कश्मीर में आतंकी गतिविधियां बढ़ी हैं। यद्यपि हमारे जवानों ने अनेक आतंकवादियों का सफाया किया है, लेकिन शहीद सैनिकों की संख्या भी कम नहीं है।’’ संपादकीय में मांग की गई कि सरकार को कश्मीर में अलगाववादियों तथा लद्दाख में चीनियों के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए।

प्रमुख खबरें

Dollar के मुकाबले Rupee 23 पैसे मजबूत, शुरुआती कारोबार में 96.65 पर पहुंचा

केरलम विधानसभा सत्र में सदन की वैधता का मुद्दा उठाएगी BJP, राजीव चंद्रशेखर ने दी चेतावनी

Kerala High Court का रेलवे को आदेश: Nilambur Nanjangud रेल लाइन की DPR 14 अक्टूबर तक करें तैयार

अन्याय के राजा का अनोखा विरोध... European Parliament में लगी डोनाल्ड ट्रंप की न्यूड विवादित सुनहरी मूर्ति, दुनिया भर में मचा हड़कंप | Golden Naked Trump Statue