Maharashtra Drought: पानी की भारी किल्लत के बीच पौधारोपण अभियान का दायरा घटाया गया

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 22, 2026

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि राज्य के कई जिलों में भीषण सूखे के कारण पानी की भारी किल्लत को देखते हुए इस साल राज्य में पौधारोपण अभियान को सीमित कर दिया गया है। आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु जग्गी वासुदेव के साथ शनिवार को एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि ग्रामीण महाराष्ट्र का 80-90 प्रतिशत हिस्सा सूखे और पानी के गंभीर संकट का सामना कर रहा है। उन्होंने कहा, हमारी योजना पांच वर्षों में 300 करोड़ पेड़ लगाने की है।

पानी की कमी के कारण इस साल हमने इस योजना को सीमित कर दिया है, लेकिन कृषि भूमि पर पेड़ लगाना बहुत महत्वपूर्ण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि भूमि पर पौधे लगाने से मिट्टी का संरक्षण करने और भूजल स्तर बढ़ाने में मदद मिलेगी। फडणवीस ने कहा कि राज्य में औसत बारिश सामान्य से केवल 15-20 प्रतिशत ही हुई है, जिसके चलते कई जिलों में भीषण सूखे की स्थिति पैदा हो गयी है।

इसके कारण जलाशयों और जल भंडारण केंद्रों में पानी का स्तर लगातार घट रहा है। सरकार ने राज्य के 358 तालुकों में से 310 से अधिक को सूखाग्रस्त घोषित कर दिया है। उन्होंने कहा कि राज्य ने जलयुक्त शिवार योजना के तीसरे चरण के तहत मई 2027 तक 35 लाख जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण या उनके जीर्णोद्धार का लक्ष्य रखा है।

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ संरचनाओं का जीर्णोद्धार किया जाएगा जबकि नई जल संरक्षण संरचनाएं भी बनाई जाएंगी। हम इन संरचनाओं के आसपास पौधे भी लगाएंगे।’’ वर्ष 2014 में जलयुक्त शिवार योजना शुरू किए जाने के बाद 25,000 गांवों में जल संरक्षण संरचनाओं का निर्माण किया गया और उनके आसपास पौधारोपण भी किया गया। उन्होंने बताया कि सरकार ने योजना के तीसरे चरण की शुरुआत कर दी है।

इन संरचनाओं के आसपास पौधे लगाने के सद्गुरु के सुझावों पर प्रतिक्रिया देते हुए फडणवीस ने कहा कि सरकार इस प्रस्ताव को नए चरण में शामिल करेगी।

प्रमुख खबरें

Vaikom Mahadeva Temple में पूजा समय की अनदेखी पर Kerala High Court ने जताई चिंता

Kochi के Vallarpadam कंटेनर टर्मिनल पर 13 दिन बाद चालकों ने खत्म किया विरोध प्रदर्शन

अरुणाचल में Amit Shah करेंगे NDRF परिसर का उद्घाटन, सहकारिता सम्मेलन में भी लेंगे हिस्सा

Balaghat के मेले में चाऊमीन खाने से 118 बच्चे और 12 वयस्क बीमार, सभी खतरे से बाहर