देवास जहरीली शराब कांड: Congress प्रवक्ता आनंद कासलीवाल अरेस्ट, तबीयत बिगड़ने पर अस्पताल पहुंचे

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 03, 2026

इंदौर, तीन नवंबर मध्यप्रदेश के देवास जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब से लोगों की मौत की जांच कर रही पुलिस ने प्रदेश कांग्रेस समिति के प्रवक्ता आनंद जैन कासलीवाल को अपराध के दुष्प्रेरण और सबूतों से छेड़छाड़ के आरोपों में गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि इंदौर निवासी कांग्रेस नेता के बेटे अमन कासलीवाल को शराब गिरोह के सरगना को रसायन आपूर्ति के आरोप में पिछले हफ्ते गिरफ्तार किया गया था।

उन्होंने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आनंद जैन कासलीवाल ने रक्तचाप बढ़ने की शिकायत की जिसके बाद चिकित्सकों की सलाह पर उन्हें देवास के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। गिरफ्तारी से कुछ दिन पहले, आनंद जैन कासलीवाल ने अपने बेटे अमन को बेकसूर बताते हुए दावा किया था कि उनकी पारिवारिक फर्म ने एक ग्राहक को पक्के बिल पर 220 लीटर पेंट थिनर (पेंट पतला करने में इस्तेमाल होने वाला रसायन) की आपूर्ति की थी। ग्रामीणों के मुताबिक देवास जिले में चंदाना, बिंजाना और आस-पास के इलाकों में 27 सितंबर से 16 अक्टूबर के बीच कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से कम से कम 10 लोगों की मौत हुई।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने दावा किया कि इन इलाकों में जहरीली शराब पीने से 22 लोगों की मौत हुई और कम से कम 40 लोगों की आंखों की रोशनी प्रभावित हुई। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि क्रमश: 15 और 18 अक्टूबर को चंदाना गांव में कथित तौर पर शराब पीने के बाद दो लोगों की मौत की सूचना जिला चिकित्सालय से मिलने के बाद मामले की जांच शुरू की गई। अधिकारी ने कहा,‘‘मुख्य आरोपी अजय राठौर ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की मदद से घर में शराब बनाने की विधि खोजी और इंदौर की निजी फर्म से रसायन मंगवाया।

उसने रसायन और पानी मिलाकर नकली शराब तैयार की तथा कबाड़ियों से लाइसेंसी शराब की खाली बोतलें हासिल कीं। इसके बाद आरोपियों ने नकली शराब को असली शराब में मिलाकर स्थानीय स्तर पर लोगों को अवैध तौर पर बेचा।’’

प्रमुख खबरें

AIIMS के पूर्व निदेशक और Padma Shri से सम्मानित न्यूरोसर्जन Dr Ashok Mahapatra का निधन

Sultanpur में ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, 500 मीटर घिसटने से युवक की मौत

Diwali पर Ethnic Look के लिए बेस्ट हैं Chandbali Earrings के ये नए डिजाइंस

भारतीय स्क्वाश खिलाड़ी Velavan Senthilkumar ने Greg Lobban को हराकर जीता Czech Open खिताब