By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 26, 2026
मध्यप्रदेश के देवास शहर में एक रेलवे अंडरपास में बारिश का पानी भरा होने के बावजूद एक निजी विद्यालय की वैन निकालने की कोशिश करके उसमें सवार एक शिक्षक और सात विद्यार्थियों की जान जोखिम में डालने के आरोप में पुलिस ने चालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को यह जानकारी दी। अधिकारी ने बताया कि सरकारी दिशा-निर्देशों की कथित अनदेखी के कारण विद्यालय के संचालक के खिलाफ भी अलग से मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने बताया कि पानी अधिक होने के कारण वैन बंद होकर फंस गई और चालक स्कूली बच्चों को वाहन में ही छोड़कर मौके से रवाना हो गया। अधिकारी ने बताया कि स्थानीय नागरिकों और पुलिस कर्मियों ने रस्सियों की सहायता से स्कूल वैन में सवार एक शिक्षक और सात बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। उन्होंने बताया कि स्कूल वैन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता और मोटर वाहन अधिनियम के संबंधित प्रावधानों के तहत एक मामला दर्ज किया गया है और वाहन को जब्त कर लिया गया है।
अधिकारी ने बताया कि विद्यार्थियों की सुरक्षा के मानकों और चालक के चरित्र सत्यापन संबंधी दिशा-निर्देशों की कथित अनदेखी के कारण विद्यालय संचालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 (सरकारी अधिकारी का आदेश नहीं मानना) के तहत एक अलग प्राथमिकी दर्ज की गई है।