Dhanteras पर Gold-Silver की मजबूत अग्रिम बुकिंग से आभूषण कारोबारियों में उत्साह

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 06, 2026

(फाइल फोटो के साथ) मुंबई, छह नवंबर धनतेरस पर आभूषण विक्रेताओं में उत्साह बना हुआ है। खुदरा विक्रेताओं को पिछले कुछ दिनों में हुई अच्छी अग्रिम बुकिंग से उम्मीद है कि दिन चढ़ने के साथ ग्राहकों की आवाजाही बढ़ेगी और देर रात तक जारी रहेगी। अखिल भारतीय रत्न एवं आभूषण घरेलू परिषद (जीजेसी) के चेयरमैन राजेश आर. ने कहा कि आभूषण विक्रेताओं ने सुबह आठ बजे से ही अपनी दुकानें खोल दी थीं।

उन्होंने कहा, ‘‘ग्राहकों का आना अभी शुरू हुआ है। ज्यादातर ग्राहक पहले से बुक कराए गए आभूषण लेने आ रहे हैं। हमें उम्मीद है कि खुदरा विक्रेता देर रात तक दुकानें खुली रखेंगे और कारोबार करेंगे।’’ उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिका में चुनाव और सोने-चांदी की कीमतों में कमजोरी से उपभोक्ताओं की धारणा को समर्थन मिल रहा है।

ऐसे में हमें उम्मीद है कि इस साल बिक्री की मात्रा पिछले साल के बराबर या उससे थोड़ी अधिक रहेगी।’’ उन्होंने कहा कि इस साल उपभोक्ता मुख्य रूप से हल्के वजन वाले और 18 कैरेट के आभूषणों तथा अन्य किफायती वस्तुओं को पसंद कर रहे हैं। धनतेरस को हिंदू पंचांग में कीमती धातुएं खरीदने के लिए सबसे शुभ दिन माना जाता है। राष्ट्रीय राजधानी में सोने की कीमत बृहस्पतिवार को 19 प्रतिशत टूटकर 1,48,800 रुपये प्रति 10 ग्राम (24 कैरेट, कर सहित) रह गई।

यह 29 जनवरी, 2026 को दर्ज 1,83,000 रुपये के रिकॉर्ड स्तर से कम है। हालांकि, कीमतें पिछले साल 18 अक्टूबर को धनतेरस के दिन दर्ज 1,32,400 रुपये के स्तर से अब भी काफी अधिक हैं। चांदी की कीमत भी 29 जनवरी को दर्ज 4,04,500 रुपये प्रति किलोग्राम के उच्चतम स्तर से 52 प्रतिशत घटकर 1,94,500 रुपये प्रति किलोग्राम रह गई है।

हालांकि, यह धनतेरस 2025 पर दर्ज 1,70,000 रुपये प्रति किलोग्राम के भाव से अब भी अधिक है। जीजेसी के उपाध्यक्ष अविनाश गुप्ता ने कहा कि ग्राहकों का आना अभी शुरू हुआ है और खुदरा विक्रेताओं को उम्मीद है कि दोपहर करीब दो बजे ग्राहकों की आवाजाही सबसे अधिक होगी और यह देर रात तक जारी रहेगी। उन्होंने कहा, ‘‘पिछले तीन दिनों में हमें अग्रिम बुकिंग की बहुत उत्साहजनक संख्या देखने को मिली है।

हमें उम्मीद है कि शुभ अवसर होने के कारण ये बुकिंग आज अच्छी बिक्री में तब्दील होंगी।’’ उन्होंने कहा, ‘‘इस साल उपभोक्ता मुख्य रूप से हल्के वजन वाले और 18 कैरेट के आभूषण पसंद कर रहे हैं। हमें उम्मीद है कि सोने और चांदी दोनों की बिक्री की मात्रा पिछले साल के स्तर के बराबर रहेगी।’’ खुदरा विक्रेता ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए विशेष पेशकश और योजनाएं भी ला रहे हैं। चीन के बाद भारत दुनिया का दूसरा सबसे बड़ा सोना उपभोक्ता और दुनिया के सबसे बड़े आयातकों में से एक है।

प्रमुख खबरें

UP में 2017 से पहले भर्तियों में चलता था सैफई सिंडिकेट, Yogi Adityanath ने साधा निशाना

Supreme Court ने Delhi NCR प्रदूषण पर जताई चिंता, वाहनों के धुएं को बताया बड़ा कारण

दिग्गज अभिनेता Dharmendra को याद कर भावुक हुए Sunny Deol, बेटे राजवीर संग पहुंचे लोनावला फार्महाउस, शेयर किया दिल छू लेने वाला वीडियो

Congress नेता Jairam Ramesh बोले, PM2.5 मानक अद्यतन करें और NCAP में सुधार हो