By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 18, 2026
बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने बुधवार को कहा कि सनातन धर्म को बाहरी ताकतों से ज्यादा खतरा हिंदू समाज के भीतर मौजूद ‘दूषित तत्वों’ से है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि समाज में एकता और भाईचारा बनाए रखना जरूरी है। प्रतापगढ़ के कुंडा स्थित बेती इलाके में मंगलवार शाम रामकथा के बाद पत्रकारों से बातचीत में शास्त्री ने कहा कि उन्होंने हाल ही में दिए गए अपने बयानों पर इसलिए माफी मांगी, ताकि हिंदू समाज में आपसी मतभेद और विभाजन की स्थिति पैदा न हो।
शास्त्री ने कहा कि ‘रामराज्य’ का वास्तविक अर्थ समाज के हर व्यक्ति को न्याय, सम्मान और समान अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान राम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने और धार्मिक परंपराओं के प्रति समर्पित रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि समय के साथ विरोध के तरीके बदल गए हैं।
उन्होंने कहा कि पहले धार्मिक अनुष्ठानों में बाधा डालने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाए जाते थे, जबकि आज सोशल मीडिया के माध्यम से भी विरोध और रुकावटें पैदा की जाती हैं। उन्होंने कहा, ‘‘सनातन धर्म और हिंदू समाज को मजबूत बनाने का उनका अभियान जीवनभर जारी रहेगा। विरोध, दबाव और धमकियों के बावजूद वह इस कार्य से पीछे नहीं हटेंगे।’’ शास्त्री हाल ही में मध्यप्रदेश में एक धार्मिक प्रवचन के दौरान भगवान राम और भगवान कृष्ण की तुलना करने वाली टिप्पणियों को लेकर विवाद में घिर गए थे।