By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 29, 2026
ध्रुव जुरेल के बेहतरीन अर्धशतक और निचले क्रम के बल्लेबाजों के उपयोगी योगदान से भारत ने हैगली ओवल में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरे टेस्ट क्रिकेट मैच के तीसरे दिन रविवार को यहां अपनी पहली पारी में 246 रन बनाए। अपनी पहली पारी में 356 रन बनाने वाले न्यूजीलैंड ने चाय के विश्राम तक अपनी दूसरी पारी में एक विकेट पर 36 रन बनाकर अपनी कुल बढ़त 146 रन पर पहुंचाई। न्यूजीलैंड को पहली पारी में 110 रन की बढ़त मिली थी।
न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में कप्तान टॉम लैथम (08) का विकेट गंवाया जिन्हें जसप्रीत बुमराह ने बोल्ड किया। चाय के विश्राम के समय डेवोन कॉनवे 15 और हेनरी निकोल्स 12 रन पर खेल रहे थे। इससे पहले जुरेल की 170 गेंद पर 88 रन की शानदार पारी खेली जिसमें 14 चौके शामिल हैं।
भारत को हालांकि तीसरे दिन तब करारा झटका लगा जब पहली पारी में उसके सबसे सफल गेंदबाज आकाश दीप सिर में चोट लगने के कारण मैच से बाहर हो गए। उनके स्थान पर ‘कनकशन सब्स्टीट्यूट’ के रूप में प्रसिद्ध कृष्णा को टीम में शामिल किया गया है। जुरेल ने आकाश दीप (52 गेंद पर 29) के साथ आठवें विकेट के लिए 46 रन की साझेदारी करके भारत को फॉलोऑन से बचाया।
इसके बाद उन्होंने गुरनूर बराड़ (46 गेंद पर 10 रन) के साथ नौवें विकेट के लिए 64 और बुमराह (नाबाद 04) के साथ अंतिम विकेट के लिए 19 रन जोड़े। इस तरह से आखिरी तीन विकेट पर 129 रन बने, जिसका मुख्य कारण जुरेल की चार घंटे और 17 मिनट तक चली लंबी पारी थी। न्यूजीलैंड की तरफ से काइल जैमीसन सबसे सफल गेंदबाज रहे।
उन्होंने 69 रन देकर चार विकेट लिए। जुरेल ने जैमीसन की गेंद पर मिडविकेट पर चौका लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर अपनी विशिष्ट शैली में आर्मी सैल्यूट किया। उनकी बल्लेबाजी की खासियत धैर्य और सही तकनीक थी।
कूकाबुरा गेंद की पुराने पड़ने और तेज गर्मी के कारण तीसरे दिन सुबह बल्लेबाजी के लिए स्थिति अच्छी थी। दिन की शुरुआत कंबोज के खाता खोले बिना आउट होने से हुई। उन्होंने मैट हेनरी कि बाहर जाती गेंद पर बल्ला अड़ाकर स्लिप में हेनरी निकोल्स को कैच दिया।
जुरेल को आकाश के रूप में एक सक्षम सहयोगी मिला, जिन्होंने स्लिप के ऊपर से एक शानदार शॉट लगाकर शुरुआत की और फिर जैमीसन की गेंद पर बैकफुट कवर ड्राइव लगाकर दर्शकों का ध्यान खींचा। दोनों बल्लेबाजों ने आत्मविश्वास के साथ शॉट खेले। आकाश तब आउट हुए जब नाथन स्मिथ ने ऑफ स्टंप के बाहर गेंद की जो थोड़ी ज्यादा उछली और बल्ले का हल्का किनारा लेकर विकेटकीपर टॉम ब्लंडेल के दस्तानों में चली गई।
आकाश के आउट होने के बाद जुरेल के पास न केवल रन बनाने की बल्कि बराड़ का विकेट बचाने की भी दोहरी जिम्मेदारी थी। उनके दो सीधे ड्राइव निश्चित रूप से उल्लेखनीय थे। जैमीसन ने बराड़ को बोल्ड करके यह साझेदारी तोड़ी।
उन्होंने इसके बाद जुरेल को ब्लंडेल के हाथों कैच कराकर उन्हें शतक से वंचित किया।