मुस्लिम पार्टी विवाद पर बोले दिग्विजय, लोगों को गुमराह करने के लिए BJP फैला रही झूठ

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jul 17, 2018

इंदौर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह ने आज भाजपा को खुली चुनौती दी कि वह साबित करके दिखाये कि कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने अपने दल को "मुस्लिम पार्टी" कहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा इस मामले में देश के लोगों को गुमराह करने के लिये झूठ फैला रही है। मध्य प्रदेश कांग्रेस के चुनाव समन्वय समिति के प्रमुख दिग्विजय ने यहां संवाददाताओं से कहा, "यह सरासर झूठ है कि राहुल ने कांग्रेस को मुसलमानों की पार्टी कहा है। भाजपा केवल झूठ फैलाकर देश के लोगों को गुमराह करती है।" 

 

उन्होंने भाजपा को चुनौती देते हुए कहा, "हमें इसका प्रमाण तो बता दीजिये कि राहुल ने कांग्रेस को मुस्लिम पार्टी कहा है।" मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके दिग्विजय ने कहा, "कांग्रेस भारत की पार्टी है जिसने देश को आजादी दिलायी थी। यह हिंदुओं, मुसलमानों, सिखों और ईसाइयों की पार्टी है। कौन कहता है कि यह एक समूह विशेष की पार्टी है।" 

 

कांग्रेस नेता ने नरेंद्र मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि इस सरकार के मंत्रियों के पास अपने विभाग के बारे में बात करने की फुर्सत नहीं है. लेकिन वे अन्य विषयों पर मीडिया को सम्बोधित करने में खूब दिलचस्पी लेते हैं. 

 

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की प्रदेश में कांग्रेस नेताओं की एकजुटता पर की गयी टिप्पणी के बारे में दिग्विजय ने प्रदेश भाजपा में शीर्ष स्तर पर गुटबाजी का आरोप लगाते हुए तंज कसा कि "शिवराज को उनकी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव कैलाश विजयवर्गीय से पूछना चाहिये कि उनके सीने में कितना दर्द है।" चौहान ने कांग्रेस नेताओं की एकता के दावों पर चुटकी लेते हुए कल यहां कहा था कि विपक्षी दल के बड़े नेता वाकई एकजुट हो गये हैं, तो उन्हें "एकता यात्राओं" और "समन्वय सम्मेलनों" का आयोजन क्यों करना पड़ रहा है। 

प्रमुख खबरें

Baramati में कृषि क्षेत्र से जुड़े लोगों ने बताई समस्याएं, Ajit-Sunetra से जनता को बड़ी उम्मीदें

Sharad Pawar के हाथ से फिसल रहा Baramati, अजित का बढ़ रहा दबदबा

रायबरेली से नामांकन के बाद बोले राहुल गांधी, बड़े भरोसे के साथ मेरी मां ने मुझे सौंपी परिवार की कर्मभूमि

जीने के लिए केवल कुछ महीने का समय, पत्नी अनीता गोयल को कैंसर, नरेश गोयल की जमानत याचिका पर 6 मई को फैसला