By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 01, 2026
(मोना पार्थसारथी) नयी दिल्ली, एक अक्टूबर हॉकी इंडिया के भीतर चल रही खींचतान के बीच अब महासचिव भोलानाथ सिंह ने छह अक्टूबर को कार्यकारी बोर्ड की बैठक बुलाई है जिस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए अध्यक्ष दिलीप टिर्की ने कहा कि उन्हें बताये बिना और उनसे स्वीकृति लिये बिना यह बैठक बुलाई गई है। एशियाई खेलों के लिये जापान गए भोलानाथ ने कार्यकारी बोर्ड को बृहस्पतिवार को भेजे गए ईमेल में कहा ,‘‘ हॉकी इंडिया कार्यकारी समिति की 120वीं बैठक छह अक्टूबर 2026 को दोपहर बारह बजे हॉकी इंडिया के दिल्ली कार्यालय में होगी।’’ इस पर कड़ा ऐतराज जताते हुए टिर्की ने से कहा ,‘‘ मैं हॉकी इंडिया कार्यकारी बोर्ड की प्रस्तावित 120वीं बैठक का विरोध करता हूं जो मुझे बताये बिना या मंजूरी लिये बिना बुलाई गई है।’’ उन्होंने कहा ,‘‘ इससे पहले भी महासचिव ने मुझसे स्वीकृति लिये बिना या बताये बिना 18 सितंबर को कार्यकारी बोर्ड की आपात बैठक बुलाई थी। उस समय मैने तत्कालीन महानिदेशक (कमांडर आर के श्रीवास्तव) से कुछ जवाब मांगे थे जो अभी तक नहीं मिले हैं।
टिर्की ने पिछले सप्ताह हॉकी इंडिया अधिकारियों के खिलाफ दिल्ली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई और उन पर ‘आपराधिक विश्वासघात, चोरी, जान जोखिम में डालने और गलत तरीके से परित्याग’ का आरोप लगाया। इसमें आगे कहा गया ,‘‘ बैठक के एजेंडे में हॉकी इंडिया के अध्यक्ष डॉक्टर दिलीप टिर्की द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत पर भी बात होगी जिसके बारे में हमें मीडिया रपटों से पता चला।’’ टिर्की द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत में उनकी संपत्तियों और दस्तावेजों की तत्काल बरामदगी की भी मांग की गई थी। शिकायत में हॉकी इंडिया के पूर्व कार्यकारी निदेशक कमांडर आर के श्रीवास्तव, हॉकी इंडिया के वित्त प्रबंधक सुबोध कुमार, हॉकी इंडिया के निदेशक भूषण कुमार और वाहन के चालक हरमिंदर सिंह के नाम शामिल हैं।
श्रीवास्तव को हालिया एफआईएच विश्व कप के दौरान केसरिया जर्सी विवाद के बाद टिर्की ने पद से हटा दिया था। बैठक के एजेंडे में ओडिशा हॉकी संघ की कार्यकारी समिति के चुनाव और आमसभा की बैठक को लेकर चुनाव अधिकारी की रिपोर्ट पर चर्चा भी शामिल है। इस संबंध में भावी कार्रवाई पर भी बात की जायेगी।