चीन के साथ विवाद हल हो गया है, यह बात अभी नहीं कही जा सकती

By डॉ. वेदप्रताप वैदिक | Feb 13, 2021

चीन के साथ लद्दाख में चल रहे सीमा-विवाद का अब हल होता नजर आ रहा है। बस, वह नजर आ रहा है। अभी हम यह नहीं कह सकते कि वह हल हो गया है। ऐसा मैं इसलिए कह रहा हूं कि पिछले साल मई में जब चीन के साथ हमारी मुठभेड़ हुई थी, तब टकराव पांच क्षेत्रों में हुआ था। दोनों देशों के बीच की जो वास्तविक नियंत्रण रेखा है, उसके आस-पास के वे चार इलाके ये हैं- (1) गोगरा पोस्ट का पेट्रोलिंग पांइट 17 ए (2) पीपी के पास हॉट स्प्रिंग (3) गलवान घाटी (4) देपसांग प्लेस ! इन पर अभी समझौता होना बाकी है। इन इलाकों में चीनी सैनिकों ने घुसपैठ कर ली थी।

इसे भी पढ़ें: रक्षा क्षेत्र में बढ़ती भारत की आत्मनिर्भरता हमारे सैन्य बलों को और सशक्त बनायेगी

भारतीय और चीनी सैनिकों की मुठभेड़ में हमारे 20 जवान शहीद हुए और यह समझा जाता है कि चीनियों के लगभग 50 जवान मारे गए। अब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का संसद में बयान आया है कि चीन ने भारतीय जमीन खाली करना शुरू कर दिया है। यदि राजनाथ सिंह की यह बात ठीक है तो मानना पड़ेगा कि नरेंद्र मोदी का यह बयान बिल्कुल गलत था कि चीन के फौजियों ने हमारी एक इंच जमीन पर भी कब्जा नहीं किया है। यदि ऐसा है तो क्या वे अपनी ही जमीन से पीछे हट रहे हैं और उस पर हमारे कब्जे को स्वीकार कर रहे हैं ? अभी तो सिर्फ पेंगांग झील क्षेत्र से दोनों सेनाओं ने पीछे हटने पर हाँ भरी है। देखें, यह प्रारंभिक पहल भी ठीक से पूरी होती है कि नहीं ? 

इसे भी पढ़ें: भारतीय सेना के 73वें स्थापना दिवस पर जानिये दुनिया के सर्वाधिक शक्तिशाली बल की विशेषताएँ

वास्तव में ‘वास्तविक नियंत्रण रेखा’ (एलएसी) अवास्तविक है। उसे बताने के लिए न तो कोई दीवार खड़ी है, न तार लगे हैं, न कोई खाई है और न ही कोई नदी है। साल मैं सैकड़ों बार दोनों तरफ के सैनिक उसका उल्लंघन जाने-अनजाने करते रहते हैं। फिर भी 1962 के बाद से अब तक उस रेखा पर कभी कोई गंभीर मुठभेड़ नहीं हुई है। यह बात मैं हमेशा पाकिस्तान के प्रधानमंत्रियों, राष्ट्रपतियों और जनरलों को अपनी बातचीत के दौरान बताता रहा हूँ। यह बताकर उनसे मैं कश्मीर पर शांतिपूर्ण वार्ता चलाने की अपील करता रहा हूँ। अब जो भारत-चीन समझौते की शुरूआत हुई है, मुझे विश्वास है कि शेष सभी नुक़्तों पर भी समझौता हो जाएगा, क्योंकि चीन पर अमेरिका के बाइडन-प्रशासन का दबाव बढ़ता जा रहा है और चीनी सरकार पर वे चीनी कंपनियां भी दबाव डाल रही हैं, जो भारत से हर साल करोड़ों-अरबों रुपया कमाती हैं। आप ज़रा गौर करें कि लद्दाख मुठभेड़ पर मोदी ने जब-जब भाषण दिए, उनमें चीन का एक बार भी नाम नहीं लिया। क्या चीनी राष्ट्रपति शी चिन फिंग ने मोदी के इस शी-प्रेम पर ध्यान नहीं दिया होगा ? क्या ही अच्छा हो कि दोनों मित्र सीधी बात करें और भारत-चीन संबंधों को पुनः पटरी पर ले आएँ।


-डॉ. वेदप्रताप वैदिक

(अध्यक्ष, भारतीय विदेश नीति परिषद के अध्यक्ष हैं)

All the updates here:

प्रमुख खबरें

अब AI बनेगा भारत की नई शक्ति! Bharat Mandapam से PM Modi ने किया Tech Revolution का शंखनाद

Dhaka में Tariq Rahman का शक्ति प्रदर्शन? शपथ ग्रहण में Nepal समेत कई South Asian नेताओं को न्योता

Bangladesh Politics में नया ट्विस्ट: MPs के शपथ ग्रहण पर दोहरी शपथ को लेकर फंसा पेंच

Adiala Jail में आधी रात गुप्त जांच! Imran Khan की सेहत पर PTI ने Chief Justice से की शिकायत