बिहार में कैबिनेट विस्तार के बाद हुआ मंत्रालयों का बंटवारा, शाहनवाज को बनाया गया उद्योग मंत्री

By अंकित सिंह | Feb 09, 2021

बिहार में बहुप्रतीक्षित मंत्रिमंडल विस्तार कर दिया गया। 17 नए मंत्रियों ने पद और गोपनीयता की शपथ ली। भाजपा कोटे से 9 जबकि जदयू कोटे से 8 मंत्री बनाए गए। राज्यपाल फागू चौहान ने मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलवाई। नीतीश मंत्रिमंडल के इस विस्तार में भाजपा से सैयद शाहनवाज हुसैन, प्रमोद कुमार, सम्राट चौधरी, नीरज बबलू, सुभाष सिंह, नितिन नवीन, नारायण प्रसाद, आलोक रंजन झा और जनक राम तथा जदयू से श्रवण कुमार, मदन सहनी, संजय झा, लेसी सिंह, सुमित कुमार सिंह, सुनील कुमार, जयंत राज और जमा खान ने आज मंत्री के तौर पर शपथ ली। अब मंत्रियों के मंत्रालयों का भी बंटवारा कर दिया गया है। शाहनवाज हुसैन को उद्योग मंत्री बनाया गया है। श्रवण कुमार ग्रामीण विकास मंत्री बने हैं, मदन सहनी को समाज कल्याण मंत्रालय दिया गया है। प्रमोद कुमार को गन्ना उद्योग और विधि मंत्रालय दिया गया है। संजय कुमार झा को जल संसाधन मंत्रालय के साथ-साथ सूचना एवं जनसंपर्क मंत्रालय की भी जिम्मेदारी सौंपी गई है। लेसी सिंह को खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण, सम्राट चौधरी को पंचायती राज, नीरज कुमार सिंह को पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन, सुभाष सिंह को सहकारिता मंत्री, नितिन नवीन को पथ निर्माण, सुमित कुमार सिंह को विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, सुनील कुमार को मद्य निषेध- उत्पाद एवं निबंधन, नारायण प्रसाद को पर्यटन, जयंत राज को ग्रामीण कार्य, आलोक रंजन को कला, संस्कृति एवं युवा मंत्रालय, मोहम्मद जमा खान को अल्पसंख्यक कल्याण मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है। जनक राम के पास खान एवं भूतत्व मंत्रालय है। 

प्रमुख खबरें

न्यूयॉर्क में ICE अधिकारियों की कार्रवाई, कार से टक्कर मारने वाले व्यक्ति पर चलाई गोली

Lilavati Hospital Trust वित्तीय धोखाधड़ी मामला: Mumbai Sessions Court ने FIR के आदेश को सही ठहराया

Ranchi T20: Shai Hope के नाबाद शतक से जीता West Indies, सीरीज 1-1 से बराबर

MP में OBC आरक्षण 14 फीसदी होने पर BJP ने कमलनाथ सरकार को घेरा