By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 18, 2022
ब्रिटेन के संसद परिसर में इस साल के दिवाली समारोह के मौके पर हरे कृष्णा मंदिर के पुजारियों ने मोमबत्तियां जला कर शांति प्रार्थना की। यह समारोह सोमवार शाम को वेस्टमिंस्टर पैलेस के भीतर स्थित स्पीकर हाउस के स्टेट रूम में आयोजित किया गया था। संसद परिसर में आयोजित दिवाली कार्यक्रम में विभिन्न राजनीतिक दलों के सांसद, राजनयिक, सामुदायिक नेता और इंटरनेशनल सोसाइटी फॉर कृष्णा कॉन्शियसनेस (इस्कॉन) के प्रतिनिधि एक साथ शामिल हुए।
भारतीय मूल के कंजरवेटिव पार्टी के सांसद और कार्यक्रम के सह-मेजबान शैलेश वारा ने कहा, “अध्यक्ष के स्टेट रूम में होना शानदार है। यह ब्रिटेन की विविधता है कि हम हिंदू कैलेंडर के सबसे महत्वपूर्ण त्योहार दिवाली को यहां वेस्टमिंस्टर पैलेस में मना रहे हैं।” उन्होंने कहा, “ये यहां रहने वाले 16 लाख ब्रिटिश-भारतीय लोगों के लिए एक महत्वपूर्ण संदेश है। यह हमारी विविधता के बारे में दुनिया के बाकी हिस्सों के लिए भी एक संदेश है।