Diwali Safety Tips: दिवाली पर पटाखे जलाते समय हाथ जल जाए तो क्या करें? जानें जरूरी बातें

By एकता | Nov 05, 2026

दिवाली रोशनी और खुशियों का त्योहार है। इस दिन लोग दीये जलाते हैं और पटाखे फोड़कर अपनी खुशी मनाते हैं। लेकिन थोड़ी सी लापरवाही त्योहार की खुशियों को परेशानी में बदल सकती है। पटाखों से जलने पर चोट सिर्फ त्वचा तक सीमित नहीं रहती, बल्कि कई बार अंदर की नसों को भी नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए अगर आप इस दिवाली पटाखे जला रहे हैं, तो सावधानी जरूर बरतें। साथ ही, यह जानना भी जरूरी है कि अगर पटाखे जलाते समय हाथ जल जाए, तो तुरंत क्या करना चाहिए और किन गलतियों से बचना चाहिए।

हाथ जलने के बाद सुन्न पड़ जाए तो न करें नजरअंदाज

अगर हाथ जलने के बाद दर्द महसूस नहीं हो रहा है, तो इसे अच्छी बात समझने की गलती न करें। कई बार गंभीर रूप से जलने पर नसों को नुकसान पहुंचता है, जिसकी वजह से जली हुई जगह सुन्न हो सकती है। अगर त्वचा का रंग सफेद पड़ने लगे या चमड़े की तरह काला दिखाई दे, तो यह गहरी चोट का संकेत हो सकता है। ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर को दिखाना जरूरी है।

हाथों में जलने की चोट ज्यादा परेशानी पैदा कर सकती है। गंभीर चोट ठीक होने के बाद भी उंगलियां हमेशा के लिए अकड़ सकती हैं या मुड़ सकती हैं। इससे लिखने, खाना खाने और किसी चीज को पकड़ने में परेशानी हो सकती है।

इसे भी पढ़ें: Magnetic Track Lights: दिवाली पर घर को दें रॉयल लुक लगाएं Magnetic Track Lights और COB Lights

हाथ जल जाए तो पहले 20 मिनट में करें ये काम

पटाखे जलाते समय अगर हाथ जल जाए, तो शुरुआती समय में सही कदम उठाना बहुत जरूरी है। इससे चोट को ज्यादा बढ़ने से रोका जा सकता है।

सबसे पहले पटाखों से दूर हो जाएं: अगर पटाखे से हाथ जल गया है, तो तुरंत उस जगह से दूर हट जाएं। अगर कपड़ों में आग लग जाए, तो भागने के बजाय रुकें, जमीन पर लेट जाएं और लुढ़ककर आग बुझाने की कोशिश करें।

जले हुए हिस्से को ठंडे पानी से धोएं: हाथ के जले हुए हिस्से को 20 मिनट तक सामान्य ठंडे बहते पानी के नीचे रखें। ध्यान रखें कि घाव पर बर्फ न लगाएं। इससे त्वचा को और नुकसान हो सकता है।

अंगूठी और घड़ी तुरंत उतार दें: हाथ जलने के बाद सूजन आ सकती है। इसलिए सूजन बढ़ने से पहले अंगूठी, घड़ी और दूसरी चीजें उतार दें।

चिपके हुए कपड़े को न खींचें: अगर कोई कपड़ा जली हुई त्वचा पर चिपक गया है, तो उसे खुद से खींचकर निकालने की कोशिश न करें। इससे चोट और बढ़ सकती है।

साफ पट्टी से ढकें: जले हुए हिस्से को साफ और ऐसी पट्टी से ढकें जो घाव पर चिपके नहीं। घाव पर टूथपेस्ट, घी, हल्दी या कोई घरेलू नुस्खा न लगाएं।

जरूरत पड़ने पर तुरंत डॉक्टर के पास जाएं: अगर चोट गहरी है, हाथ ज्यादा जल गया है, सांस लेने में परेशानी हो रही है या चेहरा, आंखें और हाथ जल गए हैं, तो तुरंत अस्पताल जाएं।

इसे भी पढ़ें: Diwali पर Festive Food Anxiety से बचें, Blood Sugar कंट्रोल रखने के आसान तरीके

पटाखों से जलने के बाद लंबे समय तक हो सकती है परेशानी

पटाखों से लगी गंभीर चोट का असर कई बार लंबे समय तक रहता है। ज्यादा जलने पर घाव में इन्फेक्शन हो सकता है और त्वचा पर हमेशा के लिए निशान रह सकते हैं। कुछ लोगों को उंगलियां मोड़ने और जोड़ हिलाने में परेशानी होने लगती है। गंभीर मामलों में त्वचा की मरम्मत के लिए ऑपरेशन, नई त्वचा लगाने और लंबे समय तक व्यायाम व इलाज की जरूरत पड़ सकती है। इसलिए दिवाली पर पटाखे जलाते समय जल्दबाजी न करें। थोड़ी सी सावधानी आपको और आपके परिवार को बड़े हादसे से बचा सकती है।

प्रमुख खबरें

Delhi Court ने दंगा और जानलेवा हमले के आरोपी रुस्तम को दी राहत, मिली जमानत

Dhanteras 2026: आरोग्य, धन और समृद्धि का पावन पर्व है धनतेरस

तेहरान में तख्तापलट का ख्वाब, वॉशिंगटन में हो गया रिजीम चेंज? $5000 का अन्नादुराई स्टाइल दांव भी नहीं बचा सका ट्रंप का तख्त!

धनतेरस पर मां लक्ष्मी का पूजन घर में लाता है वैभव...!!