By आरती पांडेय | Oct 27, 2021
वाराणसी। क्या आपने कभी ऐसा कोई ऑफर सुना है जिसको सुनते ही आपके चेहरे पर खुशी छा जाए, और वो ऑफर भी कुछ ऐसा हो कि एक स्मार्टफोन की खरीद पर 1 लीटर पेट्रोल फ्री, ये पढ़कर कितना लुभावना ऑफर दिमाग में आ रहा है, है ना। दीपावली को देखते हुए वाराणसी के भोजूबीर चौराहे पर अभिषेक उपाध्याय ने अपने मोबाइल शॉप पर यह मजेदार ऑफर निकाला है। जहां पेट्रोल के दामों में आते उछाल को देखते हुए दुकानदार का यह ऑफर लोगों को अपनी तरफ़ आकर्षित कर रहा है।
दुकान के मालिक अभिषेक उपाध्याय ने इस ऑफर के लिए कहा कि बाजार में दिवाली को देखते हुए कई प्रकार के ऑफर लोग निकाल रहे हैं। मेरे दिमाग में यह बात सूझी कि जब ऑफर देना ही है तो कुछ ऐसा ऑफर दे जिससे कि कस्टमर अट्रैक्ट हो , इसलिए मैने यह ऑफ़र निकाला कि हर मोबाइल की खरीद पर 1 लीटर पेट्रोल मुफ्तदिया जाएगा। इस ऑफर को अभी कल ही लांच किया गया है और काफी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। कस्टमर इन्क्वायरी करने आ रहे है और खरीदारी भी कर रहे हैं। लोगों को यह ऑफर बेहद पसंद आ रहा है।