विधानसभा सत्र में लोगों के मुद्दों पर चर्चा में नहीं होने पर भाजपा पर भड़के DK Shivakumar, कहा- उनकी रुचि सिर्फ राजनीति में

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 15, 2024

हुबली। कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधते हुए रविवार को आरोप लगाया कि बेलगावी में जारी विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान राज्य तथा यहां लोगों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करने के बजाय विपक्षी दल की रुचि सिर्फ ‘‘राजनीति’’ करने में है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में भाजपा गुटों में बंट चुकी है और इसलिए उन्हें वास्तविक मुद्दों पर चर्चा करने में कोई रुचि नहीं है।

विधानसभा सत्र में अब तक उत्तर कर्नाटक से संबंधित मुद्दों पर चर्चा नहीं होने के बारे में पूछे गए एक सवाल के जवाब में यहां शिवकुमार ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘क्या करें? भाजपा की किसी भी चर्चा में रुचि नहीं है, उन्हें राजनीति करने के अलावा किसी और चीज में रुचि नहीं। उनके बीच एकता ही नहीं है, इसलिए वे ऐसा कर रहे हैं।’’ नौ दिसंबर को शुरू हुआ सत्र आने वाले सप्ताह के दौरान भी जारी रहेगा।

इसे भी पढ़ें: Atul Subhash Case । भतीजा कहां है? अतुल के भाई और पिता ने तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी पर अपनी प्रतिक्रिया दी

महाराष्ट्र की सीमा से सटे बेलगावी में 2006 से हर साल एक बार विधानमंडल सत्र आयोजित किया जाता है। बेंगलुरु में राज्य सचिवालय विधान सौध की तर्ज पर स्वर्ण विधान सौध का निर्माण यह दर्शाने के लिए किया गया था कि बेलगावी कर्नाटक का अभिन्न अंग है। महाराष्ट्र का दावा है कि बेलगावी और उसके आसपास के कुछ इलाके उसका हिस्सा हैं।

यह पूछे जाने पर कि क्या सत्र के दौरान उत्तरी कर्नाटक से संबंधित सिंचाई मुद्दों पर चर्चा की जाएगी तो जल संसाधन मंत्री शिवकुमार ने कहा कि सरकार किसी भी मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। महादयी परियोजना के बारे में पूछे जाने पर उपमुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘मैंने हाल ही में केंद्रीय वन मंत्री (भूपेंद्र यादव) और केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी से इस बारे में मुलाकात की थी...हमने निविदा आमंत्रित की हैं और प्रक्रिया पूरी है तथा जैसे ही हमें (केंद्र से) अनुमति मिल जाएगी, हम काम शुरू कर देंगे।’’ उन्होंने कहा कि जोशी और भाजपा सांसद जगदीश शेट्टर को अनुमति हासिल करने की जिम्मेदारी लेनी चाहिए।

इसे भी पढ़ें: Mahayuti Cabinet Expansion । मंत्रिमंडल में नए चेहरे शामिल करेगी भाजपा, शिवसेना-एनसीपी के ये विधायक ले सकते हैं शपथ

उप मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘हमें अनुमति मिलने को लेकर कुछ हद तक भरोसा है।’’ यह पूछे जाने पर कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार के कार्यकाल में कथित तौर पर हुए कोविड-19 घोटाले के संबंध में दर्ज प्राथमिकी में किसी भी नेता का नाम क्यों नहीं है, शिवकुमार ने कहा, ‘‘हमने भाजपा नेताओं पर कुछ नहीं कहा है, सेवानिवृत्त न्यायाधीश माइकल डी कुन्हा आयोग की रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जा रही है।’’

प्रमुख खबरें

IPL 2027 नीलामी से पहले CSK और SRH के बीच चार खिलाड़ियों की ट्रेड

IPL 2027 से पहले CSK और SRH के बीच ट्रेड, Liam Livingstone टीम में शामिल

Asian Champions Trophy: भारत ने Japan को 4-1 से हराकर छठी बार जीता खिताब

Harry Kane ने Bayern Munich के साथ 2029 तक बढ़ाया करार, हर हफ्ते मिलेंगे 4 लाख पाउंड