By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 22, 2026
कर्नाटक के मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह नयी नियुक्तियों का रास्ता साफ करने के लिए अगले तीन से चार दिन में कुछ मौजूदा समितियों को भंग कर देंगे। हालांकि, नियुक्तियों की अंतिम सूची को अभी कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व की मंजूरी मिलनी बाकी है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के महासचिव (संगठन) केसी वेणुगोपाल से मुलाकात के बाद शिवकुमार ने संवाददाताओं से कहा कि बोर्ड और निगमों में पदों को भरने के लिए पार्टी नेतृत्व से परामर्श करना जरूरी है।
यह पूछे जाने पर कि उन्होंने पहले नियुक्तियों को अंतिम रूप दिए जाने की बात कही थी, मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि उनका आशय केवल सदस्यों की नियुक्तियों से था। शिवकुमार ने कहा, “मुझे अब निदेशकों की सूची मिल गई है और मैं आदेश जारी कर दूंगा।” उन्होंने बताया कि इस सूची में करीब 500 लोग शामिल हैं। शिवकुमार ने कहा कि चुनाव नजदीक होने और आदर्श आचार संहिता लागू होने की आशंका को देखते हुए उन्होंने कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व से अनुमति मांगी थी, लेकिन उन्हें इसकी मंजूरी नहीं मिली।
मंत्रिमंडल में दो रिक्त पदों और महिलाओं को आरक्षण देने की लंबे समय से लंबित मांग के बारे में पूछे जाने पर शिवकुमार ने कहा कि इस संबंध में फैसला शीर्ष नेतृत्व को करना है।