By टीम प्रभासाक्षी | Feb 12, 2022
उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनावों का पहला चरण कल यानी 10 फरवरी को समाप्त हो गया। इस बार उत्तर प्रदेश चुनाव में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी दल बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच ही दिखाई दे रहा है। उत्तर प्रदेश की कुर्सी पर एक बार फिर काबिज होने का सपना देख रहे अखिलेश यादव जनसभाओं को संबोधित कर रहे हैं। प्रदेश की जनता उन्हें उनके टीवी इंटरव्यूज में भी सुन रही है। 1 न्यूज़ चैनल के साथ वह चुनावी विषय पर चर्चा कर रहे थे जहां एक पत्रकार ने सपा प्रमुख से सवाल किया कि क्या वह अपने बच्चों की पेरेंट्स मीटिंग पर जाते हैं? अखिलेश यादव ने इस सवाल पर कई बातें बताई हैं।
पत्रकार ने उनसे सवाल पूछा, राजनीति के इतर भी आपको कुछ वक्त मिलता है कि वह वक्त परिवार को दिया जा सके। सियासत और परिवार के बीच आप सामंजस्य कैसे बिठाते हैं। इसके साथ ही साथ उन्होंने यह भी सवाल पूछा कि क्या कभी वक्त मिलता है कि आप अपने बच्चों के पेरेंट्स मीटिंग के लिए स्कूल जा सके। इस पर अखिलेश यादव ने जवाब दिया जब बच्चे बहुत छोटे थे तो मैं उनके 1-2 प्रोग्राम में गया हूं।
आगें कहते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि उसके बाद समय ही नहीं मिल पाया और मैं नहीं जा पाया हूं। मैं कोशिश करता हूं कि अपने बच्चों के साथ वक्त बिता सकूं। उन्होंने कहा बच्चों के साथ वक्त बिताने में बहुत सारी चीजें पता चलती है की आधुनिक समय में क्या चल रहा है। उनके पोलिटिकल कैरियर के सवाल को लेकर उन्होंने कहा कि वह पूरी तरह स्वतंत्र हैं।
सपा प्रमुख ने आगें कहा मैं किसी पर भी इस बात को लेकर दबाव नहीं बनाता कि कल आपको राजनीति नहीं आना है। मुझे भी नहीं पता कि कल क्या होने वाला है। जब उनसे सवाल पूछा गया कि आप पर राजनीति में आने का दबाव था या नहीं तो उन्होंने कहा मुझ पर कोई दबाव नहीं था। इसके साथ ही उन्होंने वह कहानी भी बताई कि किस तरह उन्हें जानकारी मिली कि उन्हें राजनीति में आना है।
आपको बताते चलें कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान कल यानी 10 फरवरी को पूरा हो गया। पहले चरण में पश्चिमी यूपी की 11 जिलों की 58 सीटों पर मतदान हुआ। आपको बता दें कि पहले चरण में 60.17% मतदान हुआ।