By अंकित सिंह | Jun 24, 2024
दिल्ली के हिस्से के पानी की मांग को लेकर पिछले चार दिनों से अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठी दिल्ली की जल मंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) नेता आतिशी का मेडिकल बुलेटिन सोमवार को सामने आया। बुलेटिन के मुताबिक, "लोक नायक अस्पताल से एक मेडिकल टीम भोगल में आतिशी की मेडिकल जांच के लिए आई थी। मरीज को भर्ती करने और मौखिक-सेवन के लिए परामर्श दिया गया था, लेकिन मरीज ने भर्ती होने से इनकार कर दिया।"
आतिशी ने दावा किया कि हरियाणा ने पिछले तीन हफ्तों में यमुना के पानी में दिल्ली का हिस्सा 100 मिलियन गैलन प्रति दिन (एमजीडी) कम कर दिया है। उन्होंने कहा, 100 एमजीडी कम पानी की कमी के कारण दिल्ली में 28 लाख लोग प्रभावित हुए हैं। दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने रविवार को आप प्रतिनिधिमंडल के साथ बैठक के बाद कहा कि हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने इस बात पर विचार करने का आश्वासन दिया है कि क्या उनका राज्य शहर को अतिरिक्त पानी उपलब्ध करा सकता है। राष्ट्रीय राजधानी गंभीर जल संकट से जूझ रही है, शहर के कुछ हिस्से अपनी रोजमर्रा की जरूरतों के लिए पानी सुरक्षित रखने के लिए पानी के टैंकरों पर निर्भर हैं।