मेरठ के सरधना में दहेज़ की बली चड़ी विवाहिता ,पति समेत छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज

By Rajeev Sharma | Sep 07, 2021

मेरठ,सरधना तहसील के मोहल्ला गंज बाजार निवासी विवाहिता की दहेज की मांग को लेकर हत्या करने और शव गायब करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विवाहिता के मायके वालों ने सरधना थाने पहुंचकर पति समेत छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। बताया गया कि ससुराल वाले उनकी बेटी से लगातार 20 लाख रुपये की मांग कर रहे थे, नहीं देने पर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। 

जानकारी के अनुसार लखनऊ के जानकीपुरम निवासी रामचंद्र गुप्ता पुत्र नौखे लाल गुप्ता ने अपनी छोटी बेटी रूबी की शादी पांच मार्च 2016 को सरधना के मोहल्ला छावनी निवासी दोने पत्तल के व्यापारी व कवि दीपक निराला पुत्र राजकुमार के साथ पूरे दान दहेज के साथ की थी। सोमवार को रामचंद्र सरधना थाने पहुंचे। यहां तहरीर देते हुए उन्होंने दहेज उत्पीड़न के लिए बेटी की हत्या और शव को गायब करने के आरोप में दामाद दीपक समेत उसके परिवार के छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। उनका आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वालों ने उनकी बेटी के साथ दहेज की मांग को लेकर मारपीट करनी शुरू कर दी थी। पिछले कुछ समय से ससुराल वाले उनकी बेटी से 20 लाख रुपये की मांग कर रहे थे। इसको लेकर बेटी का पति से भी कई बार झगड़ा हुआ। बेटी ने यह बात अपने मायके वालों को बताई, तो उन्होंने दामाद से इतनी बड़ी रकम तुरंत जुटाने में असमर्थता जताई। 

विवाहिता के पिता ने थाने में तहरीर देकर बताया कि कोरोना महामारी के कारण उनका व्यवसाय भी बंद हो गया और वह पैसा नहीं दे सके। इसी बात को लेकर ससुराल वालों ने उनकी बेटी के साथ फिर से झगड़ा किया और उसकी हत्या कर शव को कहीं ले जाकर दबा दिया है। 

पिता ने तहरीर में बताया कि तकरीबन 15 दिन से उनकी बेटी का फोन नहीं मिल रहा है और न ही उससे बात हो पाई है। बताया कि ससुराल वालों से जब इसकी जानकारी की गई, तो उन्होंने कहा कि उनकी बेटी कहीं चली गई है और वह अब कभी नहीं मिलेगी। 

विवाहिता के पिता का आरोप है कि उनके दामाद और ससुराल वालों ने मिलकर उनकी बेटी की हत्या कर लाश को कहीं गायब कर दिया है। पिता ने बेटी के पति समेत ससुराल वालों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने पिता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। पुलिस का कहना है की मामले की छानबीन कर उचित कार्रवाई की जाएगी। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

प्रमुख खबरें

सेंसेक्स-निफ्टी में फिर लौटी रौनक, Sensex 544 अंक मजबूत, Rupee में भी दिखी शानदार बढ़त

Apple का बड़ा फैसला! iPhone 18 Launch के लिए करना होगा लंबा इंतजार, टूटेगी परंपरा

मोदी सरकार ने 12 वर्ष में सेवा, सुशासन और विकास के स्वर्णिम काल की उपलब्धियां जनता के सामने रखी हैं— कमलजीत सहरावत

धक्का-मुक्की विवाद में Vaibhav Suryavanshi को मिला BCCI का साथ, बोर्ड ने Action लेने से किया इनकार