By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 20, 2026
राजस्व आसूचना निदेशालय (डीआरआई) ने मिजोरम में 8.64 करोड़ रुपये मूल्य की 43.2 लाख विदेशी सिगरेट जब्त की हैं। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान के अनुसार, विशिष्ट खुफिया जानकारी के आधार पर केंद्रीय वित्त मंत्रालय के अधीन डीआरआई की आइजोल क्षेत्रीय इकाई के अधिकारियों ने आइजोल जा रहे एक ट्रक को चम्फाई-आइजोल मार्ग पर तुइरियाल गांव के पास रोका।
जांच में पाया गया कि सिगरेट के पैकेट पर सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम, 2003 के तहत अनिवार्य चित्रात्मक और स्वास्थ्य संबंधी चेतावनियां नहीं थीं। बयान के अनुसार, सीमा शुल्क अधिनियम, 1962 की धारा 110 के तहत सिगरेट और ट्रक को जब्त कर लिया गया जबकि चालक को गिरफ्तार कर लिया गया। बयान में कहा गया कि इस जब्ती से विदेशी तंबाकू उत्पादों की अवैध आवाजाही के लिए सीमापार मार्गों के इस्तेमाल का पता चलता है।
यह तस्करी नेटवर्क को खत्म करने और संवेदनशील सीमावर्ती क्षेत्रों में निगरानी एवं प्रवर्तन मजबूत करने के डीआरआई के प्रयासों का हिस्सा है।