Droupadi Murmu ओडिशा दौरे पर, राष्ट्रपति ने भुवनेश्वर से ब्रह्मपुर तक की ट्रेन यात्रा

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Aug 04, 2026

भुवनेश्वर/ब्रह्मपुर, चार अगस्त राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने ओडिशा दौरे के दूसरे दिन मंगलवार को भुवनेश्वर से गंजाम जिले के ब्रह्मपुर तक ट्रेन से 170 किलोमीटर यात्रा की। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि मुर्मू ने ‘राष्ट्रपति विशेष’ ट्रेन में सफर किया और इस दौरान उनके साथ राज्यपाल हरि बाबू कंभमपति तथा मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी भी थे।

‘राष्ट्रपति विशेष’ ट्रेन एक बेहद शानदार रेल कार है, जिसमें वातानुकूलित शयनकक्ष, एक भोजन एवं बैठक कक्ष और एक रसोई की व्यवस्था है। एक अधिकारी ने बताया कि इस ट्रेन को 170 किलोमीटर की दूरी तय करने में दो घंटे से अधिक का समय लग सकता है। उन्होंने कहा, ‘‘मौसम विभाग द्वारा बारिश के पूर्वानुमान को ध्यान में रखते हुए राष्ट्रपति की ट्रेन यात्रा की व्यवस्था की गई है।

ट्रेन के पूर्वाह्न 11 बजकर 10 बजे ब्रह्मपुर स्टेशन पहुंचने का समय निर्धारित था।’’ उन्होंने बताया कि राष्ट्रपति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए इस विशेष ट्रेन के आगे और पीछे दो अन्य ट्रेन चल रही थीं। एक अन्य अधिकारी ने बताया कि भुवनेश्वर और ब्रह्मपुर रेलवे स्टेशनों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं, जहां बम निरोधक दस्ते, श्वान दस्ते और गहन सामान जांच प्रणाली तैनात की गई है। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के कर्मियों के अलावा, कुछ केंद्रीय एजेंसियों के कमांडो भी ट्रेन में सवार थे।

अधिकारी ने बताया कि भुवनेश्वर रेलवे स्टेशन पर पुलिस कर्मियों की लगभग 15 पलटन (एक पलटन में 30 कर्मी) तैनात की गईं। उन्होंने बताया कि ब्रह्मपुर में भी इसी तरह की व्यवस्था की गई। राष्ट्रपति मुर्मू ओडिशा के तीन दिवसीय दौरे पर सोमवार को यहां पहुंची थीं।

ब्रह्मपुर पहुंचने के बाद, मुर्मू पूजा-अर्चना करने के लिए तप्‍तपानी में मां कंधुनी देवी मंदिर जाएंगी। गंजाम के जिलाधिकारी वी कीर्ति वसन ने बताया कि जिले में राष्ट्रपति के दौरे वाले स्थानों को ‘‘नो-फ्लाई जोन’’ घोषित किया गया है। तप्‍तपानी अपने प्राकृतिक गर्म पानी के झरने के लिए एक लोकप्रिय पर्यटन स्थल है, जो हरे-भरे जंगलों से घिरा एक सुरम्य स्थान है।

प्रमुख खबरें

बात करने की तमीज नहीं, बेहद आपत्तिजनक इंसान... Nawazuddin Siddiqui को टैग कर Dia Mirza ने की क्रिप्टिक पोस्ट

कब मनाया जाएगा Khatu Shyam का जन्मोत्सव? खाटू धाम जाना हो या घर बैठे पूजा करनी है, जानें सब कुछ

Prabhasakshi NewsRoom: 181 सीटें मांगी थीं, मगर Akhilesh Yadav ने 24 सीटों का प्रस्ताव देकर Congress को UP में उसकी हैसियत दिखा दी है

Apple Services Outage | अमेरिका में तकनीकी संकट गहराया: माइक्रोसॉफ्ट और एयरलाइंस के बाद अब Apple और मैरियट की सेवाएं भी ठप