Kashmir में ठंड के मौसम में बाजारों में बिक रही हैं सूखी सब्जियां, सदियों पुरानी है यह परम्परा

By नीरज कुमार दुबे | Dec 12, 2024

कश्मीर में भीषण ठंड और बर्फबारी के कहर के बीच अधिकतर स्थानों पर न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। ऐसी कड़ाके की सर्दी में सूखी सब्जियों की मांग बहुत बढ़ गयी है। हम आपको बता दें कि कड़ाके की सर्दी के दौरान सूखी सब्जियों का उपयोग करना कश्मीर की सदियों पुरानी परंपराओं में से एक है। इस दौरान बाहर से सब्जियां आ नहीं पातीं इसलिए सूखी सब्जियों को ही मुख्य आहार माना जाता है। दरअसल कश्मीर में मौसम खराब रहने के कारण राजमार्ग के बार-बार बंद रहने का परिणाम यह होता है कि ताजी सब्जियां बाहर से नहीं आ पातीं इसलिए पहले से परम्परा चली आ रही है कि लोग सब्जियों को सुखा कर उनका भंडारण कर लेते थे।

प्रभासाक्षी से बात करते हुए लोगों ने कहा कि पुराने समय में जब राष्ट्रीय राजमार्ग पर भारी बर्फबारी के कारण कश्मीर देश के बाकी हिस्सों से कट जाता था तो खाद्यान्न और सब्जियों की कमी हो जाती थी। इसलिए लोगों ने सब्जियों को सुखा कर उन्हें सर्दियों में इस्तेमाल करना शुरू किया जोकि अब भी जारी है। लोगों ने बताया कि कश्मीरी सूखी सब्जियों में सूखे टमाटर, लौकी, बैंगन, शलगम और कमल ककड़ी शामिल हैं।

इसे भी पढ़ें: Kashmir Snowfall Video | आधिकारिक तौर पर आ गई है सर्दी! जम्मू-कश्मीर के खूबसूरत पर्यटन स्थल बर्फ से ढके

जैसे ही सर्दियाँ शुरू होती हैं, बड़ी संख्या में लोग धूप में सुखाई गई सब्जियाँ खरीदने के लिए स्थानीय बाजारों में उमड़ पड़ते हैं। श्रीनगर के पुराने शहर में एक सूखी सब्जी विक्रेता ने कहा, ''दिसंबर से मार्च तक सूखी सब्जियों की मांग बढ़ जाती है।'' उन्होंने कहा, "ये सूखी सब्जियां आपको सर्दी के दौरान गर्म रखने के लिए जानी जाती हैं। पहले लोग इन्हें ज्यादातर घर पर उगाते थे, लेकिन अब श्रीनगर और अन्य शहरों में विक्रेता इन्हें बेचते हैं।" 

हम आपको बता दें कि सूखी सब्जियों के साथ ही सूखी मछली भी बाजार में आ चुकी हैं। गोश्त के शौकीनों के लिए हरीसा की दुकानें भी पूरे कश्मीर में सजने लगी हैं। उल्लेखनीय है कि हरीसा-गोश्त, चावल व मसालों के मिश्रण से तैयार होने वाला विशेष व्यंजन है। हरिसा शरीर को अंदर से गर्म रखने के साथ कैलोरी को भी बनाए रखता है।

प्रमुख खबरें

Rahul Gandhi पर Devendra Fadnavis का तीखा हमला, लगाया विदेशी साजिश का आरोप

UP Government ने कर्मचारियों को दिया दिवाली तोहफा, 30 दिन के बोनस का ऐलान

PM Modi का 21 नवंबर को Vaishali दौरा, औद्योगिक गलियारा परियोजनाओं की देंगे सौगात

Foreign Secretary Vikram Misri ने काठमांडू में नेपाल के नेता Ravi Lamichhane से की द्विपक्षीय बातचीत