By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 21, 2026
एमडीएमके नेता दुरई वाइको ने बुधवार को कहा कि यदि सरकारी ठेकों में “30 से 50 प्रतिशत तक कमीशन वसूलने की प्रथा” खत्म कर दी जाए, तो तमिलनाडु अपने 13 लाख करोड़ रुपये के कर्ज को काफी हद तक कम कर सकता है। तिरुचिरापल्ली से लोकसभा सदस्य वाइको ने यहां संवाददाताओं से बात करते हुए आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान ठेकों की लागत बढ़ाकर दिखाई जाती थी और इसके जरिए मिलने वाली रिश्वत को ‘पार्टी कोष’ और ‘परिवार कोष’ के नाम पर वसूला जाता था। उन्होंने दावा किया, चाहे सड़कें बनानी हों या पुल, पहले ठेकों में 30 से 40 प्रतिशत तक कमीशन शामिल होता था और कुछ मामलों में यह 50 प्रतिशत तक भी पहुंच जाता था।
उन्होंने सरकार से इस मुद्दे का जल्द समाधान करने का आग्रह किया, ताकि आम लोगों को परेशानी हुए बिना जारी परियोजनाओं को पूरा किया जा सके। एमडीएमके सत्तारूढ़ तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) की सहयोगी पार्टी है।