By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Sep 19, 2026
दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ (डूसू) चुनाव की जारी मतगणना के सातवें दौर के बाद अध्यक्ष पद पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के उम्मीदवार यश डबास भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) के विजय शंकर मीणा से 609 मत से आगे हैं। उपाध्यक्ष पद पर निर्दलीय उम्मीदवार दीपांशु शौकीन 11,347 मतों के साथ आगे हैं। अध्यक्ष पद के लिए डबास को अब तक 8,825 मत मिले हैं जबकि मीणा को 8,216 मत मिले हैं।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से संबद्ध अभाविप, कांग्रेस से संबद्ध एनएसयूआई और अखिल भारतीय छात्र संगठन (आइसा)-स्टूडेंट फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) का वाम गठबंधन देश के सबसे चर्चित छात्र संघ चुनावों में से एक में अपना वर्चस्व कायम करने की कोशिश कर रहे हैं। पिछले साल अभाविप ने अध्यक्ष, सचिव और संयुक्त सचिव पद पर जीत हासिल की थी जबकि एनएसयूआई ने उपाध्यक्ष पद जीता था।