By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Dec 04, 2022
इंडोनेशिया के मुख्य द्वीप जावा के कुछ हिस्सों में शनिवार को भूकंप का तेज झटका महसूस किया गया, जिससे दहशत फैल गई और लोग घरों से निकलकर सड़क की ओर भागे। हालांकि, भूकंप के कारण मामूली क्षति हुई है। दो सप्ताह पहले इंडोनेशिया में आए शक्तिशाली भूकंप में सैकड़ों लोगों की मौत हो गई थी। ‘अमेरिकी भूगर्भ सर्वेक्षण’ ने कहा कि भूकंप की तीव्रता 5.7 थी। यह भूकंप वेस्ट जावा और सेंट्रल जावा प्रांतों के बीच बंजार से लगभग 18 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में 112 किलोमीटर की गहराई में केंद्रित था।
सुलावेसी में 2018 में आए भूकंप और सुनामी के बाद से इंडोनेशिया में यह सबसे भीषण भूकंप था, जिसमें लगभग 4,340 लोग मारे गए थे। इससे पूर्व, इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकीय एजेंसी की प्रमुख द्विकोरिता कर्णावती ने कहा कि सुनामी का कोई खतरा नहीं है, लेकिन भूकंप के बाद के संभावित झटकों की चेतावनी दी गई है।
राजधानी जकार्ता में ऊंची इमारतें 10 सेकंड से अधिक समय तक हिलती रहीं। दहशत के मारे लोग सड़कों की ओर भागे। सेंट्रल जावा के कुलोन प्रोगो, बंटुल, केबुमेन और सिलाकैप शहरों में भी झटका महसूस किया गया। इंडोनेशिया की आबादी 27 करोड़ से अधिक है। प्रशांत बेसिन में ‘‘रिंग ऑफ फायर’’ पर स्थित होने के कारण देश अक्सर भूकंप, ज्वालामुखी विस्फोट और सुनामी से प्रभावित होता है।