ईडी ने कुवैत सरकार के लिए नर्सों की भर्ती से जुड़े ठगी के मामले में महाराष्ट्र व केरल में छापे मारे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Aug 04, 2023

प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शुक्रवार को कहा कि कुवैती सरकार के लिए भारतीय नर्सों की भर्ती में कथित ठगी से जुड़े मामले में धन शोधन की जांच के तहत महाराष्ट्र और केरल में की छापेमारी की गई। छापेमारी की शुरुआत बृहस्पतिवार को की गई। इसके तहत मुंबई स्थित मैथ्यू इंटरनेशनल के मालिक पुथेनवीटिल जोसेफ मैथ्यू उर्फ ​​पी जे मैथ्यू के आवासीय परिसर और दोनों राज्यों में स्थित कई अन्य व्यावसायिक और आवासीय परिसर पर छापेमारी की गई। एजेंसी ने एक बयान में कहा कि धन शोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) की विभिन्न धाराओं के तहत दर्ज यह मामला केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) की प्राथमिकी पर आधारित है जिसे आपराधिक गतिविधियों में शामिल होकर प्रवासियों से ‘अवैध रूप से और बेईमानी पूर्वक’ करोड़ों रुपये एकत्र करने के संबंध में दर्ज किया गया था।

ईडी ने आरोप लगाया कि इसके बाद कोच्चि का तत्कालीन प्रवासी संरक्षक एडाल्फस भी साजिश में शामिल हो गया। एजेंसी ने कहा कि आरोपी ने कोच्चि में प्रत्येक आवेदक से भारी सेवा शुल्क (करीब 20 लाख रुपये) लेकर नर्सोंकी भर्ती की, जबकि सेवा शुल्क की अधिकतम राशि 20 हजार रुपये तक सीमित है।ईडी ने कहा कि पीजे मैथ्यू और उनके सहयोगियों ने नर्सिंग प्रवासियों से ‘ठगी’ और अपराध के जरिये 205.71 करोड़ रुपये की कमाई की। एजेंसी ने कहा कि तलाशी के दौरान की बैंक खातों में स्थित 76 लाख रुपये की राशि फ्रीज की गई और करीब 12 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति के कागजात जब्त किए गए।

प्रमुख खबरें

Punjab Cabinet ने High Court के मुख्य न्यायाधीश की नियुक्ति के खिलाफ प्रस्ताव पारित किया

Akhilesh Yadav ने BJP पर साधा निशाना, बोले- पराए धन को अपना बनाना सत्तारूढ़ दल खूब जानता है

Jharkhand में मंत्री Sudivya Kumar के निधन पर SIR सुनवाई टली, 2 दिन का राजकीय शोक घोषित

Jammu Kashmir में सामान्य स्थिति के दावे पर Tarigami ने उठाए सवाल