By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 23, 2026
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने धनशोधन मामले में आम आदमी पार्टी (आप) की मोगा से विधायक अमनदीप कौर अरोड़ा के खिलाफ जांच के सिलसिले में उनके परिवार के सदस्यों, धर्मकोट से पार्टी के एक विधायक और पंजाब सरकार के कुछ मौजूदा तथा सेवानिवृत्त सरकारी अधिकारियों को पूछताछ के लिए समन जारी किया है। ‘पीटीआई’ ने पहले खबर दी थी कि 42 वर्षीय अरोड़ा और उनके पति राकेश अरोड़ा को केंद्रीय जांच एजेंसी ने पूछताछ के लिए चंडीगढ़ स्थित अपने क्षेत्रीय कार्यालय में बुलाया है। अरोड़ा को 26 नवंबर और उनके पति को 25 नवंबर को पेश होने के लिए कहा गया है।
इस महीने की शुरुआत में अरोड़ा के ठिकानों पर छापेमारी के बाद ईडी ने एक बयान जारी कर आरोप लगाया था कि वह और उनके पति राजमार्ग निर्माण के लिए अधिग्रहित जमीन के एवज में सरकार द्वारा स्थानीय लोगों को दिए गए मुआवजे की निधि में हेराफेरी में कथित तौर पर शामिल थे। ईडी का मामला मोगा पुलिस (धर्मकोट थाना) की ओर से दर्ज प्राथमिकी पर आधारित है। इसमें अधरमान गांव में सरकारी जमीन के राजस्व रिकॉर्ड में हेराफेरी करने का आरोप लगाया गया है।
इसके परिणामस्वरूप राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 754ए के निर्माण के लिए अधिग्रहित जमीन के बदले एक करोड़ रुपये से अधिक की मुआवजा राशि का गलत तरीके से भुगतान किया गया। अधिकारियों ने बताया कि एजेंसी ने इस मामले में धर्मकोट से विधायक देविंदरजीत सिंह लड्डी ढोस को भी पूछताछ के लिए 27 नवंबर को बुलाया है। अरोड़ा के पिता जसपाल सिंह, भाई वलजिंदर सिंह और मामा हरमिंदर सिंह को भी क्रमशः 27 नवंबर, 30 नवंबर और दो दिसंबर को पूछताछ के लिए पेश होने को कहा गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, कथित साजिश का पर्दाफाश करने के लिए मोगा के जिला राजस्व अधिकारी (डीआरओ) गुरदेव सिंह धाम, स्थानीय पटवारी निरवैर सिंह और मोगा के पूर्व जिला तहसीलदार लखविंदर सिंह गिल को भी समन भेजा गया है। अधिकारियों ने बताया कि कौर अरोड़ा से जुड़े एक अस्पताल-सह-नशामुक्ति केंद्र में साझेदार और निदेशक लखविंदर नाम के एक व्यक्ति को भी सोमवार को ईडी कार्यालय में पेश होने के लिए कहा गया है। छापेमारी के बाद कौर अरोड़ा ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर राजनीतिक प्रतिशोध की भावना से कार्रवाई करने का आरोप लगाया था।
उन्होंने दावा किया था कि उनके आवास पर 42 घंटे तक चली ईडी की छापेमारी के दौरान उन पर बार-बार भाजपा में शामिल होने के लिए दबाव डाला गया और इसके बदले मंत्री पद देने की पेशकश की गई। पत्रकारों से बातचीत में अरोड़ा ने दावा किया कि उनके आवास और अस्पताल में व्यापक तलाशी के बावजूद ईडी को एक भी पैसा नहीं मिला और जांच एजेंसी को खाली हाथ लौटना पड़ा। अरोड़ा पंजाब में ‘आप’ की महिला शाखा की अध्यक्ष भी हैं।
पार्टी ने अगले साल की शुरुआत में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए उन्हें मोगा सीट से दोबारा उम्मीदवार बनाया है।