By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 20, 2026
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने पंजाब की एक कंपनी द्वारा निवेशकों के साथ कथित तौर पर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी से जुड़े मामले में राज्यसभा के मनोनीत सदस्य सतनाम सिंह संधू को पूछताछ के लिए तलब किया है। 57 वर्षीय संधू चंडीगढ़ विश्वविद्यालय के कुलाधिपति भी हैं। अधिकारियों ने बताया कि संधू को पहले 12 नवंबर को पेश होने के लिए समन भेजा गया था, लेकिन उनके पेश नहीं होने पर अब उन्हें 25 नवंबर को उपस्थित होने के लिए कहा गया है।
सांसद की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है। अधिकारियों के अनुसार, यह जांच व्यूनाउ नामक कंपनी से जुड़ी है। आरोप है कि कंपनी ने करोड़ों रुपये के ‘क्लाउड पार्टिकल घोटाले’ को अंजाम दिया और आरोपियों ने आम लोगों की मेहनत की कमाई हड़प ली।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) का आरोप है कि संधू से जुड़ी कुछ इकाइयों को व्यूनाउ समूह की कंपनियों से कुछ धनराशि प्राप्त हुई थी। अधिकारियों ने बताया कि संधू को इन लेनदेन की प्रकृति और उद्देश्य का पता लगाने के लिए तलब किया गया है। मामले में उनकी कोई प्रत्यक्ष भूमिका नहीं है।
ईडी ने इस मामले में व्यूनाउ समूह के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) और संस्थापक सुखविंदर सिंह खारौर तथा उनकी पत्नी डिंपल खारौर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी 2024 से धनशोधन निवारण अधिनियम (पीएमएलए) और विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (फेमा) के तहत इस मामले की जांच कर रही है।