By अंकित सिंह | May 06, 2026
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने बुधवार को राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य से मुलाकात के बाद अपना इस्तीफा सौंप दिया, जिससे नई सरकार के गठन का मार्ग प्रशस्त हो गया। विधानसभा चुनावों में एनडीए की जीत के बाद राज्य में नई सरकार के गठन का औपचारिक मार्ग प्रशस्त करते हुए मुख्यमंत्री ने राजभवन में राज्यपाल आचार्य से मुलाकात की। इस मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री सरमा के साथ रानोज पेगू और मानव डेका सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद थे।
पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री सरमा ने बताया कि मंत्रिपरिषद का इस्तीफा भी सौंप दिया गया है। उन्होंने आगे कहा कि राज्यपाल ने मौजूदा सरकार को नई सरकार के गठन तक कार्यवाहक प्रशासन के रूप में काम जारी रखने का निर्देश दिया है। अगले मुख्यमंत्री कौन बनेंगे, इस सवाल पर मुख्यमंत्री सरमा ने कहा कि यह फैसला भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व द्वारा लिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पार्टी अध्यक्ष नितिन नबीन ने वरिष्ठ नेता जेपी नड्डा को पर्यवेक्षक की जिम्मेदारी सौंपी गई है और वे अंतिम निर्णय लेंगे।
मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि 11 मई के बाद नए मंत्रिपरिषद का गठन किया जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें इस बात की निश्चितता नहीं है कि शपथ ग्रहण समारोह 12 मई को होगा या नहीं। राजभवन छोड़ने के बाद, कार्यवाहक मुख्यमंत्री सीधे अटल बिहारी वाजपेयी भवन जाएंगे, जहां वे नव निर्वाचित भाजपा विधायकों के साथ बैठक करेंगे।