By नीरज कुमार दुबे | Jun 17, 2024
देश भर में ईद-उल-अजहा का पर्व बड़ी धूमधाम से मनाया जा रहा है। देशभर की मस्जिदों में सुबह से ही बड़ी संख्या में नमाजी पहुँचने लगे थे। नमाज अदा करने के बाद लोगों ने एक दूसरे को ईद की मुबारकबाद दी। इस अवसर पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी देशवासियों को शुभकामनाएं दीं हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि यह त्योहार त्याग और बलिदान का प्रतीक है तथा प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सद्भाव का संदेश देता है। राष्ट्रपति ने कहा, “यह त्योहार हमें मानवता की नि:स्वार्थ सेवा के लिए प्रेरित करता है।” राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा, “इस अवसर पर, आइए हम अपने राष्ट्र के विकास और कल्याण के लिए मिलकर काम करने का संकल्प लें।” राष्ट्रपति भवन के एक संदेश में कहा गया है कि ईद-उल-अजहा के अवसर पर राष्ट्रपति ने सभी देशवासियों और विदेशों में रहने वाले भारतीयों, विशेष रूप से मुस्लिम भाइयों और बहनों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। वहीं प्रधानमंत्री ने 'एक्स' पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ईद-उल-अजहा की बधाई! मैं कामना करता हूं कि यह विशेष अवसर हमारे समाज में सद्भाव और एकजुटता के बंधन को और मजबूत करे। सभी खुश और स्वस्थ रहें।''
हम आपको बता दें कि इस्लामी मान्यता के अनुसार, पैगंबर हज़रत इब्राहिम अपने बेटे हज़रत इस्माइल को इसी दिन अल्लाह के हुक्म पर खुदा की राह में कुर्बान करने जा रहे थे, तो अल्लाह ने उनके बेटे इस्माइल को जीवनदान दे दिया। इसी की याद में यह त्योहार मनाया जाता है।