By अंकित सिंह | Mar 25, 2023
वीर सावरकर को लेकर देश की राजनीति लगातार गर्म रहती हैं। मानहानि मामले में दोषी पाए जाने के बाद राहुल गांधी को सूरत कोर्ट से 2 साल की सजा सुनाई गई। इसके बाद उनके लोकसभा सदस्यता भी रद्द कर दी गई। आज राहुल गांधी एक प्रेस को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उनसे माफी को लेकर सवाल पूछा गया। राहुल गांधी ने साफ तौर पर कहा कि मेरा नाम सावरकर नहीं है, मेरा नाम गांधी है और गांधी माफी नहीं मांगता। इसके बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री और शिवसेना के नेता एकनाथ शिंदे ने राहुल गांधी पर पलटवार किया है। एकनाथ शिंदे ने साफ तौर पर कहा है कि राहुल गांधी ने वीर सावरकर को हमेशा बदनाम किया है।
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री ने कहा कि राहुल गांधी को उस कानून ने निलंबित कर दिया है जो कांग्रेस ने ही बनाया था। उन्होंने कहा कि लालू यादव और कई अन्य को अयोग्य घोषित किया गया था लेकिन तब ऐसा कुछ नहीं हुआ था। तब लोकतंत्र खतरे में नहीं था? इसके साथ ही उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने न केवल पीएम मोदी की आलोचना की है बल्कि पूरे ओबीसी समुदाय को बदनाम किया है। उन्होंने कहा कि वह उसी लहजे में बोलते रहे हैं और मैं उन्हें बताना चाहता हूं कि अगर वह ऐसा करते रहे तो उनका सड़क पर चलना मुश्किल हो जाएगा।