Maha Crisis | शिवसेना के बागी विधायकों के साथ असम पहुंचे एकनाथ शिंदे, 40 MLA साथ होने का दावा

By रेनू तिवारी | Jun 22, 2022

गुवाहाटी। शिवसेना के बागी विधायक एक चार्टर्ड विमान से बुधवार तड़के गुवाहाटी पहुंच गए। विधायकों की बगावत से महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार संकट में आ गयी है। सूत्रों ने बताया कि गुजरात के सूरत से एक विमान गुवाहाटी के लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर सुबह करीब साढ़े छह बजे उतरा। उन्होंने बताया कि फिलहाल यह पता नहीं चल सका है कि शिवसेना के कितने विधायक इस विमान से यहां पहुंचे हैं, लेकिन विमान में 89 लोग सवार थे, जिनमें चालक दल के सदस्य भी शामिल हैं।

महाराष्ट्र के विधायकों को पुलिस की सुरक्षा में बसों से होटल ले जाया जा रहा है। असम में वर्तमान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत सरकार है। गौरतलब है कि इससे पहले शिवसेना के मंत्री एकनाथ शिंदे ने बगावत करते हुए पार्टी के कुछ विधायकों के साथ सूरत के एक होटल में डेरा जमाया था। माना जा रहा है कि भाजपा की असम इकाई के शीर्ष नेतृत्व और राज्य सरकार ने शिवसेना के बागी विधायकों के गुवाहाटी में ठहरने का प्रबंध किया है।

40 विधायकों के समर्थन का किया दावा

शिवसेना के बागी नेता एकनाथ शिंदे ने बुधावार को दावा किया कि उनके पास 40 विधायकों का समर्थन है। पार्टी के खिलाफ जाने के बाद पहली बार शिंदे ने गुवाहाटी हवाई अड्डे पर पहुंचने पर पत्रकारों से बात की। शिंदे शिवसेना के कुछ विधायकों के साथ सोमवार देर रात मुंबई से निकले थे और वहां से गुजरात के सूरत शहर में एक होटल में ठहरे थे। हालांकि, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं से बातचीत करने के बाद उन्होंने गुवाहाटी जाने का फैसला किया। गुवाहाटी हवाई अड्डे के बाहर शिंदे ने पत्रकारों से कहा, ‘‘ यहां 40 विधायक मेरे साथ हैं। इनके अलावा 10 और विधायक जल्द मेरे साथ आएंगे। मैं किसी की आलोचना नहीं करना चाहता। हम उस शिवसेना को बनाए रहने के इच्छुक हैं जिसे दिवंगत बाला साहेब ठाकरे ने बनाया था।’’

मुख्यमंत्री पद साझा करने के मुद्दे को लेकर 2019 के महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के बाद शिवसेना ने अपने दीर्घकालिक सहयोगी भाजपा के साथ गठबंधन तोड़ लिया था। शिवसेना ने तब राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) और कांग्रेस के साथ मिलकर राज्य में महा विकास आघाड़ी (एमवीए) सरकार का गठन किया था। शिवसेना के विधानसभा में अभी 56 विधायक हैं। 

प्रमुख खबरें

England में T20 सीरीज हार पर कोच Ryan Ten Doeschate की फटकार, कहा- विदेशी पिचों पर फेल

चीन में सैन्य प्रशिक्षण के दौरान वरिष्ठ कमांडर सहित दो पायलटों की मौत: रिपोर्ट

सुरक्षा पर चर्चा करने तुर्किये पहुंचे नाटो नेताओं को राष्ट्रपति एर्दोआन ने भेंट की रिवॉल्वर, असमंजस में पड़े राष्ट्रप्रमुख

World Cup से बाहर होकर छलका Bruno Fernandes का दर्द, बोले- बेहद दुखी, निराश और हताश हूं