महिला डॉक्टर से मारपीट पर एकनाथ शिंदे ने शिवसेना पार्षद को लगाई फटकार: उदय सामंत

By PTI | Jul 09, 2026

मुंबई: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने ठाणे जिले के एक अस्पताल में एक महिला डॉक्टर और अन्य चिकित्साकर्मियों के साथ कथित तौर पर मारपीट करने को लेकर अपनी पार्टी शिवसेना के पार्षद रमेश म्हात्रे को फटकार लगाई है। राज्य के उद्योग मंत्री उदय सामंत ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।

शिंदे की अगुवाई वाली शिवसेना के नेता सामंत ने कहा, ‘‘हमारी पार्टी का रुख बिल्कुल साफ है। महिला डॉक्टर के साथ मारपीट करना गलत है। शिवसेना के कई नेताओं और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री ने भी इस बात पर जोर दिया है कि ऐसा हमला गलत था।’’ उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री ने शिवसेना पार्षद को उपयुक्त ढंग से फटकार लगायी है।

सामंत ने विधानभवन परिसर में संवाददाताओं से कहा, ‘‘इसमें कोई राजनीतिक दखल नहीं है, जिसका मतलब है कि हम उनके कदम का समर्थन नहीं कर रहे हैं।’’

वहीं, शिवसेना (उबाठा) के विधायक आदित्य ठाकरे ने रमेश म्हात्रे के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि म्हात्रे को पार्टी के सभी पदों तथा पार्षद समेत सभी सार्वजनिक पदों से मुक्त कर दिया जाना चाहिए।

ठाकरे ने कहा, ‘‘जब हम सत्ता में थे, तो हमने (अविभाजित शिवसेना के विधायक) संजय राठौड़ को (2021 में एक महिला की आत्महत्या से जुड़े विवाद के बाद) राज्य मंत्री के पद से हटा दिया था। रमेश म्हात्रे का वीडियो भी सामने आया है। उन्होंने बहुत ही अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया है और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।’’

शिंदे से अपेक्षित कार्रवाई पर एक सवाल के जवाब में ठाकरे ने कहा कि गिरफ्तारी के तुरंत बाद रमेश म्हात्रे को अस्पताल ले जाया गया, जिससे गृह विभाग के कामकाज पर सवाल उठते हैं।

यह घटना सोमवार शाम को तब हुई जब शास्त्री नगर अस्पताल की नवजात सघन चिकित्सा इकाई (NICU) में जगह की कमी के कारण डॉक्टर सृष्टि बाविस्कर और डॉक्टर वैभव सालुंखे ने एक नवजात शिशु के रिश्तेदारों को बच्चे को किसी दूसरे अस्पताल में ले जाने की सलाह दी थी। इससे नाराज होकर रिश्तेदारों ने पार्षद से संपर्क किया, जो अपने साथियों के साथ अस्पताल पहुंचे और कथित तौर पर डॉक्टरों से मारपीट की।

हालांकि, रमेश म्हात्रे ने महिला डॉक्टर के साथ मारपीट से इनकार किया है और दावा किया है कि सीसीटीवी फुटेज गुमराह करने वाला है।

विपक्ष के साथ-साथ सांसद श्रीकांत शिंदे समेत उनकी अपनी पार्टी के नेताओं ने भी इस कथित हमले की निंदा की है। ठाणे के सांसद नरेश म्हस्के ने बुधवार को कहा कि शिवसेना नेतृत्व ने आरोपी पार्षद को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। रमेश म्हात्रे के अलावा, उनके तीन साथियों को भी इस मामले में गिरफ्तार किया गया है।

प्रमुख खबरें

One Nation, One Election: Congress सांसद Imran Masood ने असंभव बताकर दागा सवाल

Rice Export में उछाल: भारत के 26 प्रमुख बाजारों में निर्यात बढ़ा

Donald Trump की इमिग्रेशन सख्ती: US ने दुनिया भर में सभी Visa Appointment रोके!

Hamirpur में Lumpy Skin Disease से एक बछड़े की मौत, 33 मवेशी संक्रमित