By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Mar 10, 2021
कोलकाता। पश्चिम बंगाल के धूपगुरी इलाके में एक वरिष्ठ नागरिक की कथित रूप से कोविशील्ड टीका लगवाने के बाद मौत हो गई। इसके बाद उनके परिवार के सदस्यों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। एक अधिकारी ने मंगलवार को बताया जलपाईगुड़ी के कारोबारी कृष्ण दत्ता (64) की मौत एक स्थानीय अस्पताल में हुई जहां उन्हें सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद भर्ती कराया गया था। अधिकारी ने बताया, “ दत्ता ने सोमवार को टीका लगवाया था... और रात में उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी तो उन्हें एक अस्पताल ले जाया गया जहां थोड़े समय बाद डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।”
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी बुलेटिन में बताया गया है कि बंगाल में मंगलवार को कोरोना वायरस के 188 नए मामले आए और एक व्यक्ति की मौत हुई। इसके बाद कुल मामले 5,77,026 पहुंच गए हैं जबकि 10,281 लोगों की कोरोना वायरस के कारण मौत हो चुकी है। राज्य में 3,144 लोग संक्रमण का इलाज करा रहे हैं जबकि 5,63,601 लोग संक्रमण से मुक्त हो चुके हैं।