By अंकित सिंह | Mar 21, 2026
पुडुचेरी विधानसभा चुनाव में कुछ ही दिन शेष रहने के मद्देनजर, भाजपा ने शनिवार को 9 उम्मीदवारों की सूची जारी की। इस सूची के अनुसार, पुडुचेरी के गृह मंत्री ए. नमस्सिवयम को मन्नादिपेट से उम्मीदवार बनाया गया है। भाजपा ने कलापेट से पीएमएल कल्याणसुंदरम और थिरुनल्लर से जीएनएस राजशेखरन को मैदान में उतारा। सूची के अनुसार, ए नमस्सिवायम मन्नादिपेट से, वीपी रामलिंगमे राजभवन से और ए जॉनकुमार मुदलियारपेट सीटों से चुनाव लड़ेंगे।
शुक्रवार को पुडुचेरी के मुख्यमंत्री और एआईएनआरसी नेता एन रंगासामी ने यहां एक निजी होटल में भाजपा नेता और केंद्रीय मंत्री मनसुख मांडविया के साथ बातचीत की, जिसके बाद व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया। एआईएनआरसी सूत्रों के अनुसार, भाजपा ने अपने खाते से एआईएडीएमके और लक्ष्य जननायगा काची (एलजेके) को दो-दो सीटें आवंटित की हैं। हालांकि रंगासामी शुरू से ही यह कहते रहे हैं कि जोस चार्ल्स मार्टिन के नेतृत्व वाली एलजेके को एआईएनआरसी के नेतृत्व वाले एनडीए में शामिल नहीं किया जाना चाहिए, लेकिन केंद्रीय मंत्री के साथ बातचीत के बाद मुख्यमंत्री एलजेके को गठबंधन में शामिल करने के लिए सहमत हो गए।
2021 के विधानसभा चुनावों में, एआईएनआरसी ने 16 सीटों पर चुनाव लड़ा और 10 पर जीत हासिल की, भाजपा ने नौ सीटों पर चुनाव लड़ा और छह पर जीत दर्ज की, जबकि एआईएडीएमके ने पांच सीटों पर चुनाव लड़ा और एक भी सीट नहीं जीत पाई। 30 सीटों के लिए एक चरण का मतदान 9 अप्रैल को होगा और परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।