चुनाव महाराष्ट्र में है और वसूली कर्नाटक एवं तेलंगाना में डबल हो गई है... पीएम मोदी का कांग्रेस पर हमला

By अंकित सिंह | Nov 09, 2024

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को महाराष्ट्र के अकोला में चुनावी रैली को संबोधित किया। पीएम ने कहा कि महाराष्ट्र राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के साथ मजबूती से खड़ा है। संबोधन के शुरूआत में मोदी ने कहा कि विदर्भ का आशीर्वाद हमेशा मेरे लिए खास रहा है। अब एक बार फिर मैं विधानसभा चुनाव में महायुति के लिए आपसे आशीर्वाद मांगनें आया हूं। उन्होंने कहा कि आज 9 नवंबर है और ये 9 नवंबर की तारीख बहुत ही ऐतिहासिक है। आज के ही दिन 2019 में देश की सर्वोच्च अदालत ने राम मंदिर पर फैसला दिया था। 9 नवंबर की ये तारीख इसलिए भी याद रखी जाएगी, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद हर धर्म के लोगों ने बहुत ही संवेदनशीलता का परिचय दिया।

भाजपा नेता ने कहा कि अब हम गरीबों के लिए 3 करोड़ नए घर और बनाने की शुरुआत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय मैंने 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को मुफ्त इलाज की गारंटी देने का वादा किया था। हमारी सरकार ने बुजुर्गों की सेवा के लिए ये योजना लॉन्च कर दी है। 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को वय-वंदना आयुष्मान कार्ड मिलने शुरु हो गए हैं। सबका साथ-सबका विकास की भावना के साथ ही इस योजना का लाभ हर वर्ग, हर समाज, हर धर्म के बुजुर्गों को मिलेगा।  

पीएम ने कहा कि कांग्रेस और अघाड़ी वालों ने महाराष्ट्र के लोगों की जिस मांग को दशकों तक पूरा नहीं होने दिया, मोदी ने वो भी पूरी कर दी है। हमें मराठी को अभिजात भाषा का दर्जा देने का सौभाग्य मिला है। मराठी को वो सम्मान मिला है, जिससे पूरे महाराष्ट्र का गौरव जुड़ा है। उन्होंने कहा कि महायुति सरकार के अगले 5 वर्ष कैसे होंगे, इसकी एक झलक महायुति के वचननामे में भी दिख रही है। महिलाओं की सुरक्षा और महिलाओं के लिए अवसर, माझी लाडकी बहीण योजना का विस्तार, युवाओं के लिए लाखों रोजगार, विकास के बड़े-बड़े काम। महायुति सरकार महाराष्ट्र के विकास को डबल स्पीड से आगे बढ़ाएगी।

उन्होंने कहा कि महायुति के घोषणा पत्र के बीच, महाअघाड़ी वालों का घोटाला पत्र भी आया है। अब तो पूरा देश जानता है - महाअघाड़ी यानी, भ्रष्टाचार! महाअघाड़ी यानी, हजारों करोड़ के घोटाले!महाअघाड़ी यानी, पैसों की उगाही! महाअघाड़ी यानी, टोकन मनी! महाअघाड़ी यानी, ट्रांसफर-पोस्टिंग का धंधा। उन्होंने कहा कि जहां कांग्रेस की सरकार बन जाती है, वो राज्य कांग्रेस के शाही परिवार का ATM बन जाता है। इन दिनों हिमाचल, तेलंगाना और कर्नाटक जैसे राज्य कांग्रेस के शाही परिवार के ATM बने हुए हैं। लोग बता रहे हैं कि इन दिनों महाराष्ट्र में चुनाव के नाम पर कर्नाटक में वसूली डबल हो गई है, चुनाव महाराष्ट्र में है और वसूली कर्नाटक एवं तेलंगाना में डबल हो गई है। आरोप है कि कर्नाटक में इन लोगों ने शराब के दुकानदारों से 700 करोड़ रूपये कि वसूली कराई है।

मोदी ने कहा कि हमारे अकोला को कपास के उत्पादन के लिए जाना जाता है। कपास टेक्सटाइल इंडस्ट्री का बहुत बड़ा आधार है। लेकिन हमारे कपास किसान को दशकों तक इन संभावनाओं का लाभ नहीं मिला, ये हालात अब बदल रहे हैं। कपास किसानों की आय बढ़ाने के लिए उद्योग और इंफ्रास्ट्रक्टर दोनों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि हमारा संकल्प है- किसान खुद इतना सशक्त हो कि वो देश की प्रगति का नायक बनकर उभरे! इसलिए, हम किसान की आय बढ़ा रहे हैं और खर्च कम कर रहे हैं। हमने पीएम किसान सम्म्मान निधि शुरू की, महायुति सरकार ने उसमें अपना सहयोग दिया। इसका परिणाम है कि महाराष्ट्र के किसानों को सालाना 12 हजार रूपये मिल रहे हैं।

इसे भी पढ़ें: 'महाराष्ट्र में सार्वजनिक रूप से सावरकर और बाल ठाकरे की तारीफ करके दिखाएं', राहुल गांधी को पीएम मोदी की चुनौती

उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी जानती है, देश जितना कमजोर होगा, कांग्रेस उतनी मजबूत होगी। इसीलिए अलग-अलग जातियों को लड़ाना, यही कांग्रेस की फितरत है। आजादी के बाद से ही कांग्रेस ने कभी हमारे दलित समाज को एकजुट नहीं होने दिया, कांग्रेस ने हमारे ST समाज को भी अलग अलग जातियों में बांटकर रखा। OBC नाम सुनते ही कांग्रेस चिढ जाती है, OBC समाज की अलग से पहचान न बनें, इसलिए कांग्रेस ने भांति-भांति के खेल खेले हैं।

प्रमुख खबरें

Tech कंपनी में बड़ा फेरबदल: Layoffs के बाद Hillary Maxson बनीं नई CFO, AI पर होगा बड़ा निवेश

Aviation Sector से MSME तक को मिलेगी Oxygen, सरकार ला रही नई Loan Guarantee Scheme

Air India के Top Level पर बड़ा फेरबदल, CEO Campbell Wilson का इस्तीफा, नए बॉस की तलाश तेज

Candidates Tournament: Tan Zhongyi की एक गलती पड़ी भारी, Vaishali ने मौके को जीत में बदला