Electoral Bond योजना दुनिया का सबसे बड़ा घोटाला:कांग्रेस नेता गहलोत का दावा

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | May 05, 2024

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने शनिवार को कहा कि चुनावी बॉण्ड योजना दुनिया का सबसे बड़ा घोटाला है। वह राजगढ़ में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रहे थे, जहां कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह का मुकाबला दो बार के मौजूदा भाजपा सांसद रोडमल नागर से है।

गहलोत ने कहा कि यहां तक कि केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण के पति परकला प्रभाकर, जो एक अर्थशास्त्री हैं, का दावा है कि चुनावी बॉण्ड योजना न केवल भारत का बल्कि दुनिया का सबसे बड़ा घोटाला है।

उच्चतम न्यायालय ने चुनावी बॉण्ड योजना को असंवैधानिक और सूचना के मौलिक अधिकार का उल्लंघन बताते हुए रद्द कर दिया है। गहलोत ने कहा, भाजपा के पास अपने साथ आने वाले भ्रष्ट लोगों को साफ करने के लिए एक वाशिंग मशीन है।

उन्होंने कहा कि राकांपा पर कुल 70,000 करोड़ रुपये के घोटाले में शामिल होने का आरोप था लेकिन उसके नेता अजित पवार अब महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ दल के साथ गठबंधन कर चुके हैं। गहलोत ने न्यायपालिका और चुनाव आयोग पर दबाव में होने का भी आरोप लगाया।

उन्होंने दावा किया, लोकसभा चुनाव लोकतंत्र और संविधान को बचाने के लिए लड़ा जा रहा है। देश की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने दो करोड़ नौकरियों और विदेशी बैंकों में जमा काले धन को वापस लाने का वादा किया था। ऐसा कुछ भी नहीं हुआ। बेरोजगारी चरम पर है, जबकि जीएसटी ने लोगों को बर्बाद कर दिया है।

गहलोत ने दिग्विजय सिंह की सराहना की और कहा कि उन्होंने 1977 में (राघौगढ़ से विधानसभा चुनाव में) जीत हासिल की थी, जब कांग्रेस के खिलाफ लहर थी और यहां तक कि इंदिरा गांधी भी चुनाव हार गई थीं।

प्रमुख खबरें

Shah ने BJP और उसके छद्म सहयोगियों को नेशनल कॉन्फ्रेंस को हराने का निर्देश दिया: Omar

विपक्षी दलों के नेताओं को जेल भेजने में Congress अव्वल : Chief Minister Mohan Yadav

Manoj Tiwari ने मुझ पर हमला कराया क्योंकि लोग अब उन्हें स्वीकार नहीं कर रहे हैं: Kanhaiya

Shakti Yojana से Metro को नुकसान होने संबंधी प्रधानमंत्री की टिप्पणी से हैरान हूं: Shivkumar