Elon Musk ने माना, यूक्रेन में SpaceX ने घटाई थी Starlink इंटरनेट की रफ्तार

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Oct 25, 2026

अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क ने स्वीकार किया है कि उनकी कंपनी स्पेसएक्स ने यूक्रेन में स्टारलिंक की उपग्रह इंटरनेट सेवा की गति सीमित की थी। गति सीमित किए जाने से अग्रिम मोर्चे पर यूक्रेनी सेना के अभियान एक सप्ताह से अधिक समय तक प्रभावित रहे। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने शनिवार को बताया कि देश में स्टारलिंक और स्टारशील्ड की उपग्रह संचार सेवाओं की गति पहले की तरह बहाल हो गई है।

मस्क ने लिखा, ‘‘स्टारलिंक एक असैन्य व्यावसायिक सेवा है। लोगों को मारने के लिए ड्रोन हमलों में इसका इस्तेमाल करने की अनुमति कभी नहीं दी गई और न ही ऐसा होना चाहिए।’’ उन्होंने कहा, ‘‘यूक्रेन की सेना ने स्टारलिंक की सेवा संबंधी शर्तों का उल्लंघन किया और लोगों को मारने के लिए ड्रोन हमलों में इसका इस्तेमाल किया। पिछले सप्ताह इस खामी को दूर कर दिया गया।’’ हालांकि, मस्क ने कहा कि स्टारलिंक के सैन्य इस्तेमाल वाले संस्करण ‘स्टारशील्ड’ की सेवाओं में किसी भी तरह का बदलाव अमेरिकी सरकार के नियंत्रण में है।

स्टारशील्ड यूक्रेन के ड्रोन अभियानों और सैन्य संचार का मुख्य आधार है। मस्क ने फरवरी 2022 में रूस के यूक्रेन पर बड़े पैमाने पर आक्रमण के बाद से देश की रक्षा क्षमताओं को मजबूत करने में स्पेसएक्स की भूमिका का भी बचाव किया। पिछले सप्ताह स्टारशील्ड पर लगाई गई पाबंदियों से यूक्रेन की सेना और सरकार के अधिकारियों में चिंता पैदा हो गई थी।

सैन्य कमांडरों ने कुछ ड्रोन से संपर्क टूटने और सैन्य अभियान बाधित होने की जानकारी दी थी। इन सेवाओं की बहाली ऐसे समय हुई है, जब अमेरिका ने युद्ध समाप्त कराने के लिए नए सिरे से कूटनीतिक प्रयास शुरू किए हैं। रूस ने बुधवार को अगले महीने अमेरिका और यूक्रेन के साथ त्रिपक्षीय वार्ता फिर शुरू करने पर सहमति जताई।

इसके अलावा, कीव और मॉस्को ने शुक्रवार को यूक्रेन के दक्षिणी खेरसॉन क्षेत्र में रूस के कब्जे वाले युद्धग्रस्त शहर ओलेश्की के आसपास सीमित क्षेत्र में युद्धविराम पर भी सहमति जताई थी। अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप की मध्यस्थता से यह समझौता हुआ था। स्टारलिंक एवं स्टारशील्ट सेवाओं की गति पर प्रतिबंध से यूक्रेन और अमेरिका के संबंधों में तनाव बढ़ गया था।

रूस से डीजल आयात को लेकर राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और मॉस्को के बीच कथित समझौते के कारण दोनों देशों के संबंध पहले ही तनावपूर्ण हो गए हैं। यूक्रेन ने इस समझौते को विश्वासघात माना था।

प्रमुख खबरें

JDU से 6 साल के लिए निकाले गए Anant Singh ने खोला मोर्चा, बोले- पार्टी खत्म हो चुकी

Ram Mandir दान चोरी पर चुप क्यों हैं PM Modi, Congress नेता Jairam Ramesh ने दागे सवाल

वायुसेना प्रमुख AP Singh ने पाकिस्तान को चेताया, कहा- अब कोई लक्ष्य हमारी पहुंच से बाहर नहीं...

IPO की तैयारी में जुटी Carlsberg India का शुद्ध लाभ 22 फीसदी बढ़कर 534 करोड़ रुपये हुआ