एलन मस्क के पिता अयोध्या के राम मंदिर में दर्शन करेंगे

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 04, 2025

दुनिया के शीर्ष उद्योगपतियों में शुमार एलन मस्क के पिता एरोल मस्क के बुधवार दोपहर अयोध्या के राम मंदिर में दर्शन करने की संभावना है। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि अयोध्या की यात्रा के दौरान एरोल मस्क के साथ उनकी बेटी एलेक्जेंड्रा भी होंगी। कुछ समय की इस यात्रा के दौरान एरोल मस्क राम लला के मंदिर में दर्शन के बाद पास के हनुमानगढ़ी मंदिर भी जाएंगे।

अयोध्या के मंडल आयुक्त गौरव दयाल ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया, ‘‘एरोल मस्क के आज दोपहर अयोध्या की यात्रा करने की संभावना है।’’ अधिकारी ने कहा, ‘‘अयोध्या में पहले से ही त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा है। इसमें उच्च तकनीक वाली ड्रोन रोधी प्रणाली की 24 घंटे तैनाती शामिल है, जो अनधिकृत हवाई गतिविधियों की पहचान करने और उन्हें मार गिराने में सक्षम है।’’

उन्होंने कहा कि मंदिर क्षेत्र में और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था में सीसीटीवी से निगरानी, ​​आगंतुकों की नियमित जांच और विशेष रूप से प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती शामिल है।

उन्होंने कहा, ‘‘हालांकि, इस यात्रा के लिए आधिकारिक तौर पर कोई अतिरिक्त सुरक्षा नहीं बढ़ाई जाएगी क्योंकि पहले से ही पर्याप्त सुरक्षा बंदोबस्त मौजूद हैं।’’ हरियाणा स्थित कंपनी सर्वोटेक रिन्यूएबल पावर सिस्टम लिमिटेड के प्रवक्ता ने एक बयान में कहा कि सर्वोटेक रिन्यूएबल पावर सिस्टम लिमिटेड के वैश्विक सलाहकार एरोल मस्क ने एक जून को अपनी भारत यात्रा शुरू की थी। वह छह जून तक देश में रहेंगे।

कंपनी ने कहा, ‘‘मस्क की यात्रा भारत की बढ़ती हरित प्रौद्योगिकी और इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग के बुनियादी ढांचे के विकास में तेजी लाने पर केंद्रित है।’’ सर्वोटेक के प्रबंध निदेशक रमन भाटिया के भी बुधवार को राम मंदिर जाने की संभावना है। शुरू में एरोल मस्क के आगरा में ताजमहल का दौरा करने का भी कार्यक्रम था लेकिन क्षेत्र में अत्यधिक गर्मी के कारण उनकी इस यात्रा के रद्द होने की संभावना है।

प्रमुख खबरें

इंसानों की विदाई, AI की एंट्री? माइक्रोसॉफ्ट के 60,000 एग्जिट ऑफर के बीच नडेला का 2 करोड़ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एजेंट्स वाला विज़न

Kerala के जिन होटलों का Star Classification खारिज, उनके Bar Licence नहीं होंगे रीन्यू

Mushfiqur Rahim ने West Indies के खिलाफ रचा इतिहास, Test Cricket में बनाए 7000 Runs

UP Elections 2027: BJP ने 209 उम्मीदवारों की सूची Delhi भेजी, आलाकमान लेगा अंतिम फैसला