जापानी क्रूज में फंसे 138 भारतीय के संपर्क में हैं भारतीय दूतावास

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Feb 11, 2020

तोक्यो (जापान)। तोक्यो स्थित भारतीय दूतावास ने मंगलवार को कहा कि वह उस जापानी क्रूज जहाज पर सवार 138 भारतीयों के संपर्क में है जिसे कोरोना वायरस संक्रमण के कुछ मामले सामने आने के बाद जापान के पास पृथक करके रखा गया है। कूज जहाज ‘डायमंड प्रिंसेस’ पर कुल 3,711 लोग सवार हैं जिनमें से 138 भारतीय हैं। इन भारतीयों में यात्री और चालक दल के सदस्य शामिल हैं। यह जहाज पिछले सप्ताह जापान के तट पर पहुंचा था। इस जहाज में सवार एक यात्री कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था जिसके बाद से जहाज को पृथक रखा गया है। संक्रमित व्यक्ति पिछले महीने हांगकांग गया था।

जहाज में सवार करीब 60 लोगों को सोमवार को इस विषाणु से संक्रमित पाया गया जिसके साथ ही इस विमान में सवार संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 130 हो गई है। यह पूछे जाने पर कि जहाज पर सवार भारतीयों को जहाज से उतारने के लिए क्या भारतीय दूतावास कोई प्रबंध कर रहा है, एक अधिकारी ने ‘पीटीआई भाषा’ से कहा, ‘‘हालात पर निकटता से नजर रखी जा रही है।’’ अधिकारी ने कहा, ‘‘जहाज पर कुल 138 भारतीय हैं। भारतीय दूतावास उनके संपर्क में हैं।’’ उन्होंने बताया कि जहाज पर सवार कोई भी व्यक्ति कोरोना वायरस से संक्रमित नहीं पाया गया है।

इसे भी पढ़ें: चीनी राष्ट्रपति ने मास्क पहनकर किया बीजिंग का दौरा, कहा- स्थिति बहुत गंभीर

तोक्यो में भारतीय दूतावास ने सोमवार को ट्वीट कर पोत पर भारतीयों के होने की जानकारी दी थी। दूतावास ने कहा था, “ क्रूज़ डाइमंड प्रिंसेज पर चालक दल के सदस्यों में कई भारतीय हैं और पोत पर कुछ भारतीय यात्री भी सवार हैं। इसे जापान के अपतटीय क्षेत्र में कोरोना वायरस की वजह से अलग कर दिया गया है। ”उल्लेखनीय है कि चीन में फैले घातक कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 1,000 के पार पहुंच गई है और इसके अभी तक 42,000 से अधिक मामले सामने आ चुके हैं।

प्रमुख खबरें

पूर्व PM Manmohan Singh की जयंती पर Mallikarjun Kharge ने दी श्रद्धांजलि, आर्थिक सुधारों को सराहा

Asian Games Squash: Joshna Chinappa और सेंथिलकुमार को मिक्स्ड डबल्स में मिला कांस्य पदक

CEC Gyanesh Kumar पर कांग्रेस के आरोप, Supreme Court से स्वतः संज्ञान लेने की मांग

Prashant Kishor की जन सुराज पार्टी को बड़ा झटका! उम्मीदवार बनने के 24 घंटे भीतर भूषण झा का इस्तीफा, अब लड़ेंगे निर्दलीय चुनाव