By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Jun 25, 2024
चेन्नई। आपातकाल की 49वीं वर्षगांठ पर तमिलनाडु के राज्यपाल आर एन रवि ने मंगलवार को उस कुख्यात समय को राष्ट्र के इतिहास का एक ‘काला अध्याय’ करार देते हुए लोगों से देश की गरिमा और लोकतंत्र की रक्षा के लिए संकल्प लेने का आग्रह किया। रवि ने ‘एक्स’ पर कहा, ‘‘ 25 जून, 1975 को भारतीय लोकतंत्र को एक तानाशाह के पांव तले कुचल दिया गया था जिसने संविधान को नष्ट कर दिया, नागरिकों की मूलभूत नागरिक स्वतंत्रता को निलंबित कर दिया, मीडिया पर पाबंदी लगा दी और न्यायपालिका को अपने अधीन कर लिया।’’