Prabhasakshi NewsRoom: Kashmir में Encounter ने लिया भीषण रूप, आतंक के आका Pakistan को तगड़ा सबक सिखाने की तैयारी!

By नीरज कुमार दुबे | Nov 23, 2023

जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में आज भी आतंकवादियों और सुरक्षा बलों के बीच मुठभेड़ जारी है। हम आपको बता दें कि इस मुठभेड़ में अब तक सेना के कैप्टन स्तर के दो अधिकारियों समेत चार जवान शहीद हो गये हैं और दो अन्य घायल हो गये हैं। अधिकारियों ने बताया कि धर्मसाल क्षेत्र के बाजीमाल इलाके में रात भर रुकने के बाद आज सुबह गोलीबारी फिर से शुरू हो गई। उन्होंने बताया कि अतिरिक्त सुरक्षा बलों को शामिल करके रात भर इलाके की घेराबंदी की गई ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि आतंकवादी इलाके से भाग न पाएं, क्योंकि ये घने जंगल का क्षेत्र है। उन्होंने कहा कि रियासी-राजौरी-पुंछ का इलाका दुर्गम होने और सीमित सड़क संपर्क के कारण अभियान को अंजाम देने में कठिनाई हो रही है।

इसे भी पढ़ें: जम्मू कश्मीर में आतंकी संबंधों के आरोप में चिकित्सक, पुलिसकर्मी सहित चार कर्मचारी बर्खास्त

इस वर्ष के महत्वपूर्ण आंकड़े

हम आपको बता दें कि इस साल जम्मू के तीन जिलों में हुई हिंसक घटनाओं में 15 सुरक्षाकर्मियों और 25 आतंकवादियों सहित 47 लोगों की मौत हुई है। अधिकारियों के मुताबिक जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद को पुनर्जीवित करने के लिए पाकिस्तान की ओर से सीमा पार से लगातार कोशिशें की जा रही हैं। इसी के परिणामस्वरूप ऐेसी हिंसक घटनाएं हो रही हैं। जम्मू में हिंसक घटनाओं में जान गंवाने वालों में दो कैप्टन समेत चार सैन्य अधिकारी शामिल हैं, जो राजौरी जिले के बाजीमाल इलाके में चल रहे आतंकवाद विरोधी अभियान में अपनी जान गंवा बैठे। इससे पहले 20 अप्रैल और पांच मई को पुंछ के मेंढर क्षेत्र और राजौरी के कंडी जंगल में आतंकवादियों ने घात लगाकर हमला किया था, जिसमें पांच कमांडो समेत 10 सैनिकों की मौत हुई थी। अधिकारियों के मुताबिक, इस साल जनवरी से अब तक सीमावर्ती जिलों राजौरी और पुंछ तथा पास के रियासी जिले में आतंकवाद संबंधी हिंसक घटनाओं में 47 मौतें दर्ज की गई हैं। इस साल राजौरी में जहां सात आतंकवादियों और 10 सुरक्षाकर्मियों सहित 24 लोग मारे गए हैं, वहीं पुंछ जिले में 15 आतंकवादी और पांच सुरक्षाकर्मी मारे गए हैं। रियासी जिले में तीन आतंकवादी मारे गए हैं। अधिकारियों ने बताया कि ज्यादातर आतंकवादी सीमा के इस पार घुसपैठ की कोशिश करने का प्रयास करते समय मारे गए। इस साल, जम्मू-कश्मीर में आतंकवाद संबंधी घटनाओं में 81 आतंकवादियों और 27 सुरक्षाकर्मियों सहित 121 लोग मारे गए हैं।

बताया जा रहा है कि शहीद जवानों में उत्तर प्रदेश के आगरा के कैप्टन शुभम गुप्ता भी हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जम्मू-कश्मीर के राजौरी में कर्तव्य पालन के दौरान शहीद हुए जनपद आगरा निवासी सेना के कैप्टन शुभम गुप्ता को श्रद्धांजलि अर्पित की है। सीएम योगी ने अपने एक्स अकाउंट पर शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए कहा है कि उत्तर प्रदेश सरकार इस दुःख की घड़ी में शोकाकुल परिजनों के साथ है। शुभम वर्ष 2015 में सेना में भर्ती हुए थे। वर्ष 2018 में उन्हें कमीशन मिला था। शुभम की पहली पोस्टिंग ऊधमपुर में हुई थी।

इस बीच, रक्षा विशेषज्ञ पीके सहगल ने कहा है कि हर बार सर्दियों से पहले पाकिस्तान इस तरह की हरकतें करता है और ज्यादा से ज्यादा आतंकवादियों की कश्मीर में घुसपैठ करवाने की कोशिश करता है। उन्होंने कहा है कि समय आ गया है कि जब पाकिस्तान को एक बार फिर सख्त जवाब दिया जाये।

प्रमुख खबरें

जिम्बाब्वे के खिलाफ Smriti Mandhana की कप्तानी में वनडे सीरीज स्वीप करने उतरेगी भारतीय टीम

Skin Care: घर पर बनाएं Papaya D Tan Gel Face Mask और चेहरे को दें Natural Skin Glow

Daler Mehndi अपमान मामले में गरमाई राजनीति: भाई Mika Singh ने उत्तराखंड के मंत्री सुबोध उनियाल से मांगी सार्वजनिक माफी

Supreme Court के निर्देश पर Andhra Pradesh के 100 नगरीय निकायों में चुनाव प्रक्रिया स्थगित