By अजय कुमार | Nov 29, 2024
लखनऊ। एटा के घंटा घुघरू व्यापारी ने कुछ समय पूर्व अयोध्या में राम मंदिर के लिए 51 क्विंटल का घंटा समर्पित करके खूब सुर्खियां बटोरी थीं,अब एक बार घुंघरू व्यापारी अपने साथ हुई ठगी के चलते परेशान और चर्चा में है। घंटा-घुंघरू व्यापारी गिरीश बंसल को डिजिटल अरेस्ट कर उनसे 23 लाख की ठगी की गई। ठग ने ईडी का अधिकारी बताकर व्हाट्सएप कॉल किया और मनी लॉन्ड्रिंग के जरिए लाखों रुपये विदेश भेजने की बात कहकर धमकाया था। जुर्माना भरने और जेल जाने की धमकी दी।
बंसल ने बताया कि सुबह आठ बजे पहली बार फोन पर जेल भेजने की धमकी से वे दहशत में आ गए। अगले दो घंटे में उसने कई बार बात की। इसके बाद खुद को ईडी अधिकारी बताने वाले ने जो कहा, वे करने गए। उन्होंने बताया कि अपनी फर्म सूरज घुंघरू घंटी स्टोर के एक्सिस बैंक के खाते से 18 लाख 78 हजार 588 रुपये ठग द्वारा दिए गए। आईडीएफसी बैंक सेक्टर 18 नोएडा और 4.40 लाख रुपये एचडीएफसी बैंक नागौर के खाते से आरटीजीएस के जरिए भेज दिए। इस तरह से 23 लाख 11 हजार 244 रुपये भेजे गए। पैसा पहुंचने के बाद उसका मोबाइल स्विच ऑफ हो गया।