By अभिनय आकाश | Apr 26, 2022
पाकिस्तान के कराची में एक बड़ा धमाका हुआ है। धमाके में कई लोगों के मारे जाने की आशंका है। पाकिस्तानी अखबार द एक्सप्रेस ट्रिब्यून ने मंगलवार को कराची विश्वविद्यालय में हुए एक विस्फोट में कम से कम चार लोगों के मारे जाने की आशंका जताई है। खबर है कि विश्वविद्यालय परिसर के अंदर एक व्यावसायिक यात्री वैन में विस्फोट हो गया। मारे गए लोगों में विदेशी नागरिक भी शामिल हैं। शुरुआती खबरों के मुताबिक यूनिवर्सिटी में कन्फ्यूशियस इंस्टीट्यूट के पास एक वैन में धमाका हुआ है।
हिन्दुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट के अनुसार बलूच लिबरेशन आर्मी (बीएलए) ने हमले की जिम्मेदारी ली है। दावा किया गया है कि एक महिला आत्मघाती हमलावर शैरी बलोच उर्फ ब्रम्श ने हमले को अंजाम दिया। जुलाई 2021 में उत्तर-पश्चिम के दसू में एक बस में बमबारी के बाद से पाकिस्तान में चीनी नागरिकों पर यह पहला बड़ा हमला है, जिसमें नौ चीनी नागरिक मारे गए थे।