Vrindavan में Premanand Maharaj के आश्रम बाहर लापता किशोर के परिजनों का प्रदर्शन

By प्रभासाक्षी न्यूज नेटवर्क | Oct 03, 2026

वृंदावन स्थित प्रेमानंद गोविंद शरण (प्रेमानंद जी महाराज) के केलि कुंज आश्रम से तीन जुलाई से लापता 17 वर्षीय किशोर के परिजनों ने आश्रम परिसर के बाहर जमकर विरोध-प्रदर्शन किया। यह घटनाक्रम 25 सितंबर को एक शिष्य द्वारा कथित तौर पर खुदकुशी किए जाने के बाद सामने आया है। हाथरस जिले के निवासी अनुज चौधरी ने 26 जून को केलि कुंज आश्रम में संत प्रेमानंद से दीक्षा ली थी। अनुज के पिता राजवीर ने शुक्रवार को संवाददाताओं से कहा कि दीक्षा लेने के बाद 26 जून को अनुज घर लौट आया था। 

राजवीर ने कहा कि 25 सितंबर को केलि कुंज में एक शिष्य की खुदकुशी की घटना के बाद उनका परिवार चिंतित हो गया। नाराज परिजनों ने गांव के अन्य लोगों के साथ मिलकर शुक्रवार को आश्रम के बाहर प्रदर्शन किया। वृंदावन के पुलिस क्षेत्राधिकारी संदीप कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस को शुक्रवार दोपहर इस मामले की जानकारी मिली। उन्होंने बताया कि अनुज के माता-पिता ने पांच जुलाई को हाथरस जिले के सादाबाद थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी जिसमें कहा गया था कि उनका बेटा कोचिंग के लिए घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। 

पुलिस क्षेत्राधिकारी ने बताया कि इसके बाद माता-पिता वृंदावन आए और आरोप लगाया कि उनका बेटा आश्रम में है तथा आश्रम प्रबंधन उन्हें सही जानकारी नहीं दे रहा है। उन्होंने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने आश्रम प्रबंधन से बात की और जांच में पता चला कि अनुज ने 26 जून को आश्रम में दीक्षा ली थी, लेकिन वह वहां रह नहीं रहा है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि परिवार को इस स्थिति के बारे में जानकारी दे दी गई है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने परिजनों को भरोसा दिलाया है कि अनुज को ढूंढ़ने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

प्रमुख खबरें

Uttarakhand में SIR पूरा होने के बाद Voter List जारी, कुल 71.58 लाख मतदाता दर्ज

flydubai पायलट Smit Machhar ने घायल हालत में खोला Cockpit, PM Modi ने की जमकर तारीफ

Education Ministry ने 5 Classical Languages के लिए Centres of Excellence को दी हरी झंडी

AIIMS Bhopal में Assistant Professor पदों पर भर्ती शुरू, ऐसे करें ईमेल से आवेदन