By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 26, 2026
दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) की 19-वर्षीय छात्रा अरुणा सिंह की मौत के मामले में एक नया ‘नोट’ मिलने के बाद पुलिस ने फरार आरोपी विपिन यादव की तलाश तेज कर दी है। इस ‘नोट’ में दोनों के बीच कथित तौर पर साथ आत्महत्या करने का समझौता होने का जिक्र है। छात्रा का शव इस सप्ताह की शुरुआत में फरीदाबाद के एक होटल के कमरे में मिला था।
मंगलवार को सराय ख्वाजा इलाके के एक होटल के कमरे से अरुणा का शव बरामद किया गया था। बताया जाता है कि वह एक दिन पहले अपने प्रेमी विपिन यादव (24) के साथ होटल में आई थी। पुलिस को कमरे से दो ‘नोट’ मिले हैं।
इनमें से एक में दोनों के बीच कथित आत्महत्या के समझौते का जिक्र है, जबकि दूसरे में लाखों रुपये के वित्तीय लेनदेन का ब्योरा है। विपिन फरार है। पुलिस के अनुसार, विपिन के हस्ताक्षर वाले ‘नोट’ में कहा गया है कि दोनों एक-दूसरे को आठ साल से जानते थे और उनके बीच प्रेम संबंध थे।
इसमें विपिन ने लिखा है कि वे दोनों दुनिया से परेशान थे और उन्होंने साथ अपनी जिंदगी खत्म करने का फैसला किया था। ‘नोट’ के मुताबिक, विपिन ने आगरा नहर में कूदकर आत्महत्या करने की बात कही थी। उसने लिखा था कि ऐसा करने से पहले वह अपनी लोकेशन अरुणा के फोन पर भेजेगा।
हालांकि, अरुणा के फोन की जांच में ऐसा कोई संदेश नहीं मिला। दूसरे ‘नोट’ में कई लोगों के नाम और उनके साथ हुए वित्तीय लेनदेन का जिक्र है। इनमें 50 हजार रुपये से लेकर 3.5 लाख रुपये तक की रकम दर्ज है।
‘नोट’ में घटना वाले दिन सुबह एक व्यक्ति को एक लाख रुपये दिए जाने का भी उल्लेख है। पुलिस के मुताबिक, कोविड महामारी के दौरान विपिन के माता-पिता दोनों की मौत हो गई थी। उस समय उसकी उम्र 17 साल थी।
पड़ोसी होने के नाते विपिन को अरुणा के पिता शंभू ने अपने घर में रहने के लिए जगह दी थी। एक रिश्तेदार ने बताया, ‘‘अरुणा के पिता ने उसे (विपिन को) न केवल खाना दिया और रहने की जगह दी, बल्कि उसके लिए एक मोटरसाइकिल भी खरीदी थी।’’ रिश्तेदार के अनुसार, अरुणा के घर लगातार आने-जाने के दौरान विपिन के उसके साथ प्रेम संबंध बन गए। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि विपिन के पिता ट्रांसपोर्टर थे और उनके पास करीब 12 ट्रक तथा कई संपत्तियां थीं।
विपिन के एक पड़ोसी ने बताया कि माता-पिता की मौत के बाद उसने एक-एक करके सभी ट्रक बेच दिए। उसने जमीन का एक टुकड़ा और मारुति ब्रेजा कार भी बेच दी। इसके अलावा, उसने 150 वर्ग गज के अपने मकान को गिरवी रख दिया।
वह गलत संगत में पड़ गया था और उस पर काफी कर्ज हो गया था। सोमवार सुबह अरुणा कॉलेज जाने के लिए घर से निकली थी। उसका भाई उसे मेट्रो स्टेशन तक छोड़कर आया था।
वहां से विपिन उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर एक होटल ले गया था। आरोप है कि होटल के कमरे में विपिन ने अरुणा को चूहे मारने की दवा खिला दी और कमरे को बाहर से बंद करके चला गया। इस मामले में अरुणा के भाई की शिकायत पर धौज थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया है।
धौज थाने के प्रभारी निरीक्षक अनिल कुमार ने बताया, विपिन को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की चार टीमें तैनात की गई हैं।