Nvidia CEO Jensen Huang के चीनी एजेंट से रिश्ते की FBI जांच, Donald Trump बोले नहीं होगी परेशानी

By प्रभासाक्षी न्यूज़ डेस्क | Nov 10, 2026

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोमवार को कहा कि संघीय जांच ब्यूरो (एफबीआई) प्रौद्योगिकी कंपनी एनवीडिया के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) जेनसन हुआंग के चीन सरकार की कथित महिला एजेंट के साथ संबंधों की जांच कर रहा है, हालांकि उन्हें नहीं लगता कि कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के विकास में अहम भूमिका निभाने वाले हुआंग को इसे लेकर चिंतित होने की जरूरत है। ट्रंप ने ‘व्हाइट हाउस’ (अमेरिका के राष्ट्रपति का अधिकारिक आवास एवं कार्यालय) में पत्रकारों से कहा, ‘‘मुझे पता है कि एफबीआई किसी अन्य पहलू से भी इस मामले की जांच कर रहा है और मुझे लगता है कि हुआंग को कोई परेशानी नहीं होगी।’’ हुआंग के विवाहेतर संबंधों का अचानक खुलासा होने से अमेरिका के राजनीतिक और प्रौद्योगिकी जगत में हलचल मच गई है। इससे यह चिंता भी बढ़ गई है कि क्या चीन एनवीडिया की उन अत्याधुनिक चिप तक पहुंच बनाने में सफल रहा है, जिनका इस्तेमाल कृत्रिम बुद्धिमत्ता के विकास में किया जा रहा है।

ट्रंप ने संकेत दिया कि वह खुद भी इस खुफिया जांच में सीधे तौर पर शामिल हो सकते हैं। यह एक असाधारण कदम होगा, जो हुआंग के साथ उनके करीबी संबंधों और इस मामले के संभावित भू-राजनीतिक महत्व को दर्शाता है। ट्रंप ने कहा, ‘‘मैंने आज उनसे बात की, सिर्फ यह जानने के लिए कि वह ठीक हैं या नहीं और उनका हालचाल कैसा है।’’ उन्होंने कहा, ‘‘हुआंग ने बताया कि उन्हें इस बात की बिल्कुल जानकारी नहीं थी कि संबंधित महिला एक जासूस थी।’’ प्रौद्योगिकी जगत की प्रमुख हस्तियों में शामिल और दुनिया के सबसे अमीर लोगों में से एक हुआंग ने विवाहेतर संबंध होने की बात स्वीकार की है।

उन्होंने एनवीडिया की वेबसाइट पर प्रकाशित एक खुले पत्र में अपनी पत्नी और कंपनी से माफी मांगी है। समाचार पत्र ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की खबर के अनुसार, अमेरिकी खुफिया एजेंसियों ने पाया है कि महिला चीन के लिए सूचनाएं जुटा रही थी। हुआंग ने अपने पत्र में कहा, ‘‘मैं जांच का समर्थन करता हूं और इसमें पूरा सहयोग करूंगा।

मुझे अपने देश और अपनी कंपनी से प्यार है। मैं एनवीडिया की सुरक्षा और अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा में सहयोग करने के लिए प्रतिबद्ध हूं।’’ एनवीडिया ने रविवार को घोषणा की थी कि वह हुआंग को ‘‘एक विदेशी खुफिया एजेंसी द्वारा निशाना बनाए जाने’’ की खबरों की स्वतंत्र जांच कर रही है। चीन ने सोमवार को इस आरोप से इनकार किया कि उसकी ओर से जेनसन हुआंग को फंसाने के लिए जासूसी साजिश रची गई थी।

इसने आरोपों को बेबुनियाद बताते हुए कहा कि यह बीजिंग को बदनाम करने की चाल है। ‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ ने पिछले माह खबर दी थी कि अमेरिकी खुफिया एजेंसियों को पता चला है कि जेनसन हुआंग के चीन की नागरिक एलिस हुआंग के साथ करीबी संबंध थे। एजेंसियों ने पाया कि एलिस सीधे चीन की सरकार को जानकारी पहुंचा रही थीं।

एलिस हुआंग पहले चीन में टेलीविजन पत्रकार थीं। इसके बाद वह सिंगापुर स्थित डेटा सेंटर कंपनी ‘मेगास्पीड’ में शीर्ष अधिकारी बनीं। यह कंपनी दक्षिण-पूर्व एशिया में एनवीडिया के सबसे बड़े ग्राहकों में से एक बन गई है।

‘द न्यूयॉर्क टाइम्स’ की खबर के अनुसार, ‘मेगास्पीड’ ने पिछले दो वर्षों में एनवीडिया से 4.8 अरब अमेरिकी डॉलर से अधिक मूल्य की चिप खरीदी हैं।

प्रमुख खबरें

Census 2027 के लिए विशेष सॉफ्टवेयर से 24.25 लाख मकान सूचीकरण ब्लॉक का हुआ डिजिटल मानचित्रण

दिल्ली के रोहिणी में दिनदहाड़े चाकू घोंपकर युवक की हत्या: राजधानी में लगातार आपराधिक घटनाओं से दहशत का माहौल

Bombay High Court ने गिरगांव चौपाटी पर Chhath Puja मनाने की अनुमति मांगने वाली याचिका खारिज की

Chhath Puja पर बिहार के घाटों पर पटाखों और निजी नावों पर रोक, आपात स्थिति में मुस्तैद रहेगी QMRT